ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी यूपी चुनाव 2027 के मद्देनजर सूबे में सियासी तैयारियों का जायजा लेने में जुटे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में असदुद्दीन ओवैसी लोगों से एक अपील करते दिख रहे हैं। वीडियो में कहा गया है कि अपनी बीवी से मोहब्बत करो और मोहब्बत का इजहार भी करो।
एआईएमआईएम सांसद वीडियो में कहते हैं, ”मैंने भोपाल के जलसे में बीबियों के बारे में कुछ कहा था। अब एक बार और बोल कर जा रहा हूं कि सुबह, दोपहर, शाम और रात में अपनी बीबी को एक जुमला जरूर बोलना आई लव यू माय डियर। ये बोलना है, डरना नहीं है बाबू।” इसके बाद उन्होंने कहा कि मुझे सब मालूम है, लेकिन मेरे लव में जरा वोट भी डालो।
Apni Biwi se mohabbat karo aur mohabbat ka izhaar bhi karo : Barrister @asadowaisi pic.twitter.com/BnwjVFL0Mt
— AIMIM (@aimim_national) September 21, 2026
यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर ओवैसी ने किया क्या दावा?
वहीं, असदुद्दीन ओवैसी ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार पार्टी के उम्मीदवार विधायक चुने जाएंगे और उत्तर प्रदेश विधानसभा में पहुंचेंगे। ओवैसी ने कहा कि वह खास तौर पर पार्टी की चुनावी तैयारियों के सिलसिले में उत्तर प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एआईएमआईएम चुनाव के लिए सक्रिय रूप से तैयारी कर रही है।
उन्होंने आगे कहा, “हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यहां मुस्लिम समुदाय, जिसकी संख्या काफी अधिक है, अपनी राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व विकसित करे। यहां हर दूसरे समुदाय का अपना राजनीतिक नेतृत्व है, जबकि इस बड़े समुदाय को केवल वोट बैंक बनाकर रख दिया गया है।”
गठबंधन को लेकर क्या बोले असदुद्दीन ओवैसी?
2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन की संभावना को लेकर ओवैसी ने कहा कि पार्टी दो अक्तूबर तक अपना रुख स्पष्ट करेगी। उन्होंने कहा, “2 अक्तूबर तक इंतजार कीजिए, तब तक हम आपको बता देंगे।” इससे पहले रविवार को ओवैसी ने कहा था कि उनकी पार्टी उन लोगों के साथ काम करने के लिए तैयार है, जो उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने से रोकना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि आगामी विधानसभा चुनाव पिछले चुनाव से अलग होगा।
2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन की संभावना के बारे में ओवैसी ने कहा कि अकेले कोई एक पार्टी भाजपा को नहीं रोक सकती और उन्होंने समान विचार रखने वाली पार्टियों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया।
भाजपा को रोकने के लिए विपक्षी दलों से की क्या अपील?
ओवैसी ने कहा, “हम नहीं चाहते कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बने। अगर कोई नहीं चाहता कि भाजपा सरकार बनाए तो वह हमसे बात कर सकता है। हम आपके साथ काम करने के लिए तैयार हैं ताकि भाजपा को सत्ता में आने से रोका जा सके। लेकिन यह समझना जरूरी है कि आप अकेले भाजपा को नहीं रोक सकते।”

