
टैरिफ विवाद के बाद डोनाल्ड ट्रंप भारत और अमेरिका के रिश्तों को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं. दोनों देशों के बीच डील पर बातचीत भी आखिरी चरण में हैं. इस बीच ट्रंप प्रशासन ने भारत की चार कंपनियों से बैन हटा लिया है.
अमेरिका के वित्त विभाग ने जिन कंपनियों से बैन हटाया है, उनमें उनमें हैदराबाद स्थित आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और लोकेश मशीन्स लिमिटेड, अहमदाबाद स्थित गैलेक्सी बेयरिंग्स लिमिटेड और दिल्ली स्थित शौर्य एरोनॉटिक्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं.
SDN लिस्ट से बाहर हुईं ये कंपनियां
अमेरिका के वित्त विभाग ने इन कंपनियों को स्पेशली डेजिग्नेटेड नेशनल्स (SDN) लिस्ट से बाहर कर दिया है. इस लिस्ट में शामिल होने वाली कंपनियों और व्यक्तियों की प्रॉपर्टी को अमेरिकी अधिकार क्षेत्र में फ्रीज कर दिया जाता है.
ये भी पढ़ें- भारत को रूस ने दिया धमाकेदार ऑफर, सुनकर पाकिस्तान के उड़ेंगे होश, Su-57E के संग मिलेगी सीक्रेट टेक्नोलॉजी
2 साल पहले 21 भारतीय संस्थाओं पर लगा था बैन
यह कदम अमेरिकी विदेश संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (OFAC) की प्रतिबंध सूची में शामिल चार कंपनियों के लगभग दो साल बाद उठाया गया है. साल 2024 में OFAC ने कार्यकारी आदेश के तहत 21 भारतीय संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाए थे, जिनमें 19 कंपनियां और दो व्यक्ति शामिल थे. यह आदेश उन कंपनियों या लोगों को टारगेट करता है, जिन पर रूसी सरकार की मदद करने का आरोप है.
अमेरिका ने रूस के यूक्रेन हमले के बाद की थी कार्रवाई
वाशिंगटन की यह कार्रवाई 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद मॉस्को पर लगाए गए प्रतिबंधों के उल्लंघन को रोकने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा थी. प्रतिबंधों के बाद भारत सरकार ने कहा कि उसने इस मामले पर वाशिंगटन के साथ बातचीत की थी. विदेश मंत्रालय ने यह बनाए रखा है कि भारत अंतरराष्ट्रीय समुदाय का एक जिम्मेदार सदस्य है.
ये भी पढ़ें- जब सुबह तड़के डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि PM मोदी को लगाओ फोन, बोले – ‘वो उठ गए होंगे…’
प्रतिबंध सूची से हटाई गई चार भारतीय कंपनियों में से दो- गैलेक्सी बियरिंग्स लिमिटेड और लोकेश मशीन्स लिमिटेड- सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध कंपनियां हैं. लोकेश मशीन्स के ग्राहकों में कई ग्लोबल कंपनियां शामिल हैं, जिनमें अमेरिका स्थित जॉन डीरे और कमिंस, स्वीडन की वोल्वो और जापान की होंडा और सुजुकी शामिल हैं. इसके अलावा आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज भारत के विमानन क्षेत्र से जुड़ी हुई है.
