अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शुक्रवार (15 मई 2026) को चीन की अपनी तीन दिवसीय यात्रा पूरी कर बीजिंग से रवाना हो गए. चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनके अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी वार्ता को ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण बताया, हालांकि किसी भी विवादास्पद मुद्दे पर कोई समझौता नहीं हुआ है. चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उन्हें अपने बेहद खास और सुरक्षित निवास झोंगनानहाई का दौरा कराकर सम्मान दिया.
ट्रंप को इस खास जगह पर ले गए जिनपिंग
जिनपिंग ने उन्हें कहा, ‘यह वह स्थान है जहां चीन की पार्टी की केंद्रीय सरकार के नेता काम करते हैं और रहते हैं, जिनमें मैं भी शामिल हूं.’ ट्रंप ने इस मुलाकात को ‘अद्भुत’ बताते हुए कहा कि यह जगह पहले कभी किसी बाहरी को नहीं दिखाई गई. हालांकि, ट्रंप की चीन यात्रा बहुत सहज नहीं रही. गुरुवार को अमेरिकी पत्रकारों और अधिकारियों के साथ बदतमीजी की खबरें सामने आईं. हालांकि ट्रंप प्रशासन ने अभी तक इन खबरों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
बीजिंग में पहले दिन ही हुई थी ट्रंप की बेइज्जती
कुछ विश्लेषकों का मानना है कि जिनपिंग ने पहले ही दिन ट्रंप को रिसीव करने नहीं पहुंचे, जो अमेरिका के लिए बेइज्जती वाली बात है. ट्रंप एक उच्चस्तरीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ बीजिंग में उतरे, जिसमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, एलन मस्क और टिम कुक शामिल थे. एयरपोर्ट पर शी जिनपिंग की ओर से व्यक्तिगत रूप से ट्रंप का स्वागत करने के बजाय, अमेरिकी राष्ट्रपति का स्वागत चीन के उपराष्ट्रपति और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया. राजनीतिक टिप्पणीकार ब्रायन एलन ने एक्स पर लिखा, ‘बहुत बड़ा अपमान! ट्रंप अभी-अभी चीन पहुंचे हैं. व्हाइट हाउस इसे रेड कार्पेट ट्रीटमेंट कह रहा है.’
जिनपिंग ने ट्रंप को दिया ये खास गिफ्ट
इसी बीच, सोशल मीडिया यूजर्स ने 2018 के पुराने फुटेज जारी किए, जिनमें शी जिनपिंग को चीन यात्रा के दौरान हवाई अड्डे पर उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन का व्यक्तिगत रूप से अभिवादन करते हुए दिखाया गया है. ट्रंप की यात्रा के अंतिम दिन, जिनपिंग ने उन्हें अपने आवास का दौरा कराया. इस बहुत ही गोपनीय परिसर को अक्सर चीन का व्हाइट हाउस कहा जाता है. इस दौरे के दौरान ट्रंप वहां के विशाल गुलाबों को देखकर काफी प्रभावित हुए, जिसके बाद शी जिनपिंग ने व्हाइट हाउस के ‘रोज गार्डन’ के लिए उन गुलाबों के बीज तोहफे में देने का वादा किया.
अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ द्वारा जारी दोनों नेताओं की बैठक के ब्योरे के अनुसार, ट्रंप ने शी जिनपिंग और उनकी पत्नी को 24 सितंबर को ‘व्हाइट हाउस’ में आमंत्रित किया और दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि ऊर्जा के मुक्त प्रवाह का सुनिश्चित करने के लिए होर्मुज स्ट्रेट खुला रहना चाहिए. चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने विवादास्पद मुद्दों पर दोनों नेताओं के बीच बनी आम सहमति के विवरण से संबंधित सवालों का जवाब देने से परहेज किया.
ये भी पढ़ें : US-Iran Tension: ईरान पर ट्रंप की सबसे बड़ी चेतावनी! चीन से लौटेते हुए बोले- ‘विनाश का सामना करे ईरान, 5 मिनट में…’


