दिल्ली कैपिटल्स के ओपनर बल्लेबाज केएल राहुल आईपीएल 2026 में लगातार रन बना रहे हैं. इस सीजन राहुल अब तक 9 मैचों में 54.12 की औसत और 185.84 के स्ट्राइक रेट से 433 रन बना चुके हैं. शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ केएल राहुल ने 40 गेंद में 75 रनों की मैच विनिंग पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए. इसके साथ ही राहुल ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को पीछे छोड़ एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
सबसे ज्यादा छक्के लगाने में नंबर-1 बन गए केएल राहुल
केएल राहुल अब आईपीएल के इतिहास में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बन गए हैं. केएल राहुल के आईपीएल में ओपनर के तौर पर 201 सिक्स हो गए हैं. उनसे पहले कोई भी भारतीय 200 छक्के नहीं लगा सका है. इस रिकॉर्ड लिस्ट में केएल राहुल ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है. राहुल के 201 छक्के हो गए हैं, जबकि विराट कोहली ने 192 सिक्स और रोहित शर्मा ने 148 छक्के छक्के लगाए हैं. शिखर धवन 143 छक्के लगाकर भारतीय ओपनरों में चौथे नंबर पर हैं.
इस रिकॉर्ड लिस्ट में तीसरे नंबर पर केएल राहुल
वहीं आईपीएल में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम है. गेल के नाम ओपनर के तौर पर 326 छक्के हैं. इस रिकॉर्ड लिस्ट में केएल राहुल दूसरे नंबर पर आ गए हैं. राहुल के 201 सिक्स हैं तो दूसरे नंबर पर मौजूद डेविड वॉर्नर के 210 छक्के हैं. आईपीएल 2026 में ही राहुल ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ सकते हैं.
केएल राहुल ने आईपीएल 2026 के 9 मैचों की 9 पारियों में 1 शतक और 3 अर्धशतक लगाते हुए 433 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 24 छक्के और 42 चौके निकले हैं. राहुल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 67 गेंदों पर 9 छक्कों और 16 चौकों की मदद से नाबाद 152 रन की पारी खेली थी. यह आईपीएल में किसी भी भारतीय बल्लेबाज का सर्वाधिक स्कोर है. वहीं आईपीएल का तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है.
यह भी पढ़ें-
आज CSK और MI के बीच भिड़ंत, जानें चेन्नई-मुंबई की प्लेइंग इलेवन, पिच रिपोर्ट और मैच प्रिडिक्शन


