Saira Banu Birthday: गुजरे दौर की मशहूर और खूबसूरत अदाकारा सायरा बानो ने बचपन में ही एक्ट्रेस बनने का सपना देख लिया था और कम उम्र में ही वो दिलीप कुमार जैसे दिग्गज अभिनेता पर फिदा हो गई थीं. बाली उम्र में वो दिलीप की फैन बन गई थीं और फिर बड़ी होने पर उन्होंने उनसे शादी करके अपने सबसे बड़े सपने को पूरा कर लिया था.
मुस्लिम परिवार में पैदा हुई सायरा बानो आज 82 साल की हो चुकी हैं. कई एक्टर्स संग स्क्रीन शेयर करने वाली और कई फिल्मों में काम कर चुकीं सायरा बानो ने अपनी फिल्मों से ज्यादा सुर्खियां अपनी खूबसूरती और दिलीप कुमार संग रिश्ते से बटोरी थी. आइए आज उनके जन्मदिन के खास मौके पर जानते हैं दिलीप कुमार के साथ उनकी लव स्टोरी के बारे में.
स्कूल डेज में देखती थीं मिसेज दिलीप कुमार बनने का सपना
सायरा बानो का जन्म 23 अगस्त 1944 को उत्तराखंड के मसूरी में हुआ था. उन्होंने लंदन में रहते हुए पढ़ाई की थी. सायरा ने दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में बताया था कि स्कूल के दिनों में ही वो मिसेज दिलीप कुमार बनने के ख्वाब देखने लगी थी. ऐसे में उनकी मां ने उनसे कहा था कि जो शौक दिलीप कुमार फरमाते हैं वैसे ही शौक आपको मिसेज दिलीप कुमार बनने के लिए पैदा करना चाहिए.
ये भी पढ़ें: ‘मुझे पसंद नहीं है…’ पैपराजी पर भड़कीं श्रिया सरन की 5 साल की बेटी, Video देख लोगों ने लगाई पैप्स की क्लास

दिलीप कुमार के कारण सीखा सितार
सायरा ने आगे बताया था कि जब वो लंदन से भारत आई तो उन्हें पता चला था कि दिलीप को सितार का काफी शौक है. ऐसे में सिर्फ दिलीप कुमार के कारण सायरा ने सितार सीखना शुरू किया था. इसके अलावा सायरा ने दिलीप के ही चलते उर्दू भाषा भी सीखी थी.
मां ने दिलीप कुमार के घर के सामने बनवाया घर
दिलीप कुमार के लिए सायरा की दीवानगी लगातार बढ़ती जा रही थी. जब सायरा ने इंडस्ट्री में अपनी शुरुआत की थी तो उनकी मां ने उनका घर दिलीप कुमार के घर के सामने ही बनवाया था. सायरा बताती हैं कि उनका घर दिलीप के घर से दो बंगले दूर ही था. लेकिन, वो यहां रहकर दिलीप कुमार के और करीब महसूस करने लगी थीं.

जब सायरा की बर्थडे पार्टी में पहुंचे दिलीप
23 अगस्त 1966 को सायरा के 22वें बर्थडे पर एक पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसमें कई मशहूर कलाकार शामिल हुए थे. इसका हिस्सा दिलीप कुमार भी बने थे जिन्हे सायरा की मां ने बुलाया था. इसे लेकर सायरा ने कहा था कि वो मेरी लाइफ का बेस्ट बर्थडे गिफ्ट था.
जब दिलीप ने सायरा संग काम करने से किया मना
दिलीप कुमार और सायरा की उम्र के बीच 22 साल का फासला था. दिलीप अपनी पत्नी सायरा से उम्र में 22 साल बड़े थे. ऐसे में दिलीप उनके साथ काम करने से हिचकिचाते थे और उन्होंने एक बार सायरा संग काम करने का ऑफर भी ठुकरा दिया था. बता दें कि दिलीप की साल 1967 की हिट फिल्म ‘राम और श्याम’ का ऑफर पहले सायरा को आया था.
दिलीप कुमार ने किया था सायरा को प्रपोज
दिलीप कुमार और सायरा की फैमिली का एक दूसरे के साथ अच्छा रिश्ता था. इसके चलते सायरा और दिलीप में भी बातचीत और मुलाकात शुरू हो गई थी. जल्द ही दिलीप ने सायरा के सामने अपने प्यार का इजहार कर दिया. सायरा ने बताया था कि उन्होंने मेरी मां और दादी से मेरा हाथ मांगा था और इस प्रपोजल को उनकी फैमिली ने भी स्वीकार कर लिया था.

22 की उम्र में 44 के दिलीप कुमार की दुल्हन बनीं सायरा बानो
सिर्फ 22 साल की छोटी उम्र में सायरा ने डबल उम्र के दिलीप कुमार से शादी की थी. दोनों का निकाह साल 1966 में हुआ था. उस वक्त दिलीप की उम्र 44 साल थी. हालांकि दोनों को औलाद का सुख नहीं मिल पाया. दोनों ही कभी पैरेंट्स नहीं बन पाए और ये मलाल दोनों को हमेशा रहा.

सायरा बानो की बेहतरीन फिल्में
सायरा बानो ने अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत 17 साल की उम्र में फिल्म ‘जंगली’ से की थी. 1961 की इस फिल्म में उन्होंने शम्मी कपूर संग काम किया था. डेब्यू फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर का बेस्ट एक्ट्रेस का नॉमिनेशन भी मिला था. उनके करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों की बात की जाए तो इस लिस्ट में जंगली के अलावा ‘पड़ोसन’, ‘पूरब और पश्चिम’, ‘शागिर्द’ और ‘हेरा फेरी’ शामिल है.


