फिल्ममेकर इम्तियाज अली इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को लेकर खूब सुर्खियों में हैं. इसी बीच हाल ही में उन्होंने अपने कॉलेज के दिनों को याद करते हुए उन्होंने एक ऐसा खुलासा किया, जो सुनकर सभी चौंक जाएंगे. उन्होंने बताया कि एक पॉलिटिकल पार्टी ने उन्हें रात 2 बजे हॉस्टल से उठवा लिया था और एक सरकारी क्वार्टर में ले गए थे.
पॉलिटिकल पोस्टर को लेकर शुरू हुआ विवाद
अनफिल्टर्ड विद समदीश के साथ बातचीत में इम्तियाज ने बताया कि वो 1993 में हिंदू कॉलेज से ग्रेजुएशन कर रहे थे. तब उनके साथ ये घटना घटी. उन्होंने कहा, ‘उस समय यूनिवर्सिटी में एनएसयूआई और एबीवीपी के बीच कंपटीशन रहती थी. एक दिन किसी ने मेरे हॉस्टल की सामने वाली दीवार पर एक पोस्टर लगा दिया. तब मैंने उनसे पोस्टर को साइड की दीवार पर लगाने के लिए कहा. लेकिन उन्होंने जानबूझकर पोस्टर सामने ही लगा दिया. तब मैंने उनके सामने वो पोस्टर हटाकर साइड की दीवार पर लगा दिया. इसके बाद वो वहां से चले गए.’
2 बजे हॉस्टल से उठाने आए
आगे उन्होंने कहा, ‘कुछ दिनों बाद रात करीब 2 बजे मेरे एक हॉस्टल के एक दोस्त ने कहा कि भाग जाओ, वो लोग तुम्हें ढूंढते हुए आ रहे हैं. थोड़ी देर बाद वो लोग आए और मुझसे कहा कि हमारे साथ चलो. मैंने पूछा कि कहां जाना है, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया. वो मुझे साइकिल रिक्शा में बैठाकर अपने साथ एक सरकारी क्वार्टर में ले गए. वहां एक पॉलिटिकल पार्टी से जुड़ा गैंग लीडर था, जिसने पोस्टर वाली बात पूछी.’
गैंग लीडर ने अपने आदमी को मारा थप्पड़
इसके बाद उन्होंने उस गैंग लीडर को कहा, ‘मैंने पोस्टर को फाड़ा नहीं था, उसे साइड वाली दीवार पर लगा दिया था. जब गैंग लीडर ने अपने एक आदमी से पूछा कि क्या मैंने पोस्टर फाड़ दिया था? तो उसने कहा कि हटाना और फाड़ना एक ही बात है. ये सुनते ही गैंग लीडर ने गुस्से में कहा, ‘तुमने मुझे बताया था कि इसने पोस्टर फाड़ दिया है और अब कह रहे हो कि इसने सिर्फ हटाया था.’ फिर गैंग लीडर ने अपने ही आदमी को झूठ बोलने के लिए दो थप्पड़ मार दिए. उसी बीच मामला शांत हो गया और मैं वहां से निकल गया.’
फिल्म के बारे में
बता दें कि इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली हैं. फिल्म में एक अधूरी प्रेम कहानी देखने को मिलेगी, जिसके ट्रेलर को बहुत पसंद किया गया हैं. फिल्म में शरवरी, वेदांत रैना, दिलजीत दोसांझ और नसीरुद्दीन शाह लीड रोल में हैं.


