
आईपीएल सीजन 2026 में ऐसे शानदार रिकार्ड बने हैं जिन्हें सालों तक भुलाया नहीं जा सकता. जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में मंगलवार के मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. आईपीएल के 64वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेल गया था. इस मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने एलएसजी के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी ने कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए. वैभव अपने दूसरे IPL शतक से सिर्फ 7 रन दूर रह गए, लेकिन जिस अंदाज में उन्होंने बल्लेबाजी की, उसने हर किसी को हैरान कर दिया. युवा बल्लेबाज ने अपनी पारी में 7 चौके और 10 लंबे छक्के लगाए. मैदान के हर कोने में उन्होंने जिस तरह शॉट खेले, उससे लखनऊ के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए.
53 छक्कों के साथ इतिहास रचा
इन 10 छक्कों की बदौलत वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में अपने कुल छक्कों की संख्या 53 तक पहुंचा दी. इसके साथ ही वह IPL के एक सीजन में 50 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने इस मामले में आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. रसेल ने IPL 2019 में 52 छक्के लगाए थे, लेकिन अब वैभव 53 छक्कों के साथ उनसे आगे निकल चुके हैं. फिलहाल इस सूची में सिर्फ क्रिस गेल उनसे आगे हैं, जिन्होंने 2012 में 59 छक्के लगाए थे.
क्रिस गेल का रिकॉर्ड खतरे में
जिस फॉर्म में वैभव बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसे देखकर ऐसा लगने लगा है कि क्रिस गेल का 59 छक्कों का रिकॉर्ड भी टूट सकता है. अभी सीजन के मुकाबले बाकी हैं और वैभव की मौजूदा लय विपक्षी टीमों के लिए बड़ी चिंता बन चुकी है. सिर्फ छक्के ही नहीं, वैभव का स्ट्राइक रेट भी इस सीजन में चर्चा का विषय बना हुआ है.
उन्होंने 236.3 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं, जो IPL इतिहास में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा है. उन्होंने इस मामले में आंद्रे रसेल के 2019 के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया.
यह भी पढ़ें- IPL 2026: ऑरेंज कैप की रेस हुई बेहद रोमांचक, सिर्फ 3 रन के अंतर में टॉप-3 बल्लेबाज
बड़े खिलाड़ियों को दे रहे चुनौती
वैभव सूर्यवंशी इस सीजन में तीन बार एक पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगा चुके हैं. IPL इतिहास में यह कारनामा सबसे ज्यादा चार बार क्रिस गेल ने किया है. अब वैभव इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. महज 15 साल की उम्र में जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ वैभव बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसने उन्हें IPL का नया सुपरस्टार बना दिया है. क्रिकेट जगत अब उनकी तुलना दुनिया के सबसे खतरनाक टी-20 बल्लेबाजों से करने लगा है.
