बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर की बहन और प्रोड्यूसर बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर शादी के बंधन में बंध गई हैं. उन्होंने 6 जुलाई को मुंबई के ताज होटल में अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर के साथ सात फेरे लिए. इसके बाद कपल ने एक ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया, जहां रणवीर सिंह ने अपनी जबरदस्त एनर्जी और डांस से पूरी लाइमलाइट लूट ली.
रणवीर सिंह का डांस वीडियो वायरल
अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर की रिसेप्शन पार्टी से रणवीर सिंह का एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में ‘एनर्जेटिक बॉय’ यानी रणवीर सिंह को अर्जुन कपूर के साथ फिल्म ‘गुंडे’ के ब्लॉकबस्टर गाने ‘तूने मारी एंट्रियां’ पर डांस करते हुए देखा जा सकता है.
हिमेश रेशमिया के साथ गाया गाना
अर्जुन कपूर और रणवीर सिंह ने ऐसा धमाकेदार डांस किया कि पूरा हॉल तालियों और सीटियों से गूंज उठा. दोनों की जबरदस्त जुगलबंदी पर गेस्ट भी जमकर चीयर करते नजर आए. वीडियो में दोनों पुराने दोस्तों की शानदार बॉन्डिंग साफ नजर आ रही है. इसके बाद अर्जुन कपूर और रणवीर सिंह ने स्टेज पर मशहूर सिंगर हिमेश रेशमिया के साथ उनके सुपरहिट गाने ‘मुझको याद सताए तेरी’ पर सुर से सुर मिलाए. ये वीडियो भी सोशल मीडिया पर छाया हुआ है.
रिसेप्शन में शामिल हुए ये सेलेब्स
अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर के ग्रैंड रिसेप्शन में कपूर परिवार के साथ बॉलीवुड के कई बड़े सितारों ने शिरकत की. इस खास मौके पर बोनी कपूर, जाह्नवी कपूर, खुशी कपूर और शनाया कपूर के अलावा आलिया भट्ट, वरुण धवन, बॉबी देओल, रेखा, जैकी श्रॉफ, रितेश देशमुख, जेनेलिया डिसूजा, रकुल प्रीत सिंह, जैकी भगनानी और ओरी समेत कई सेलेब्स नए जोड़े को शुभकामनाएं देने पहुंचे.


