Photo : ET NOW SWADESH Digital
SSC CGL 2025 Exam Cancelled: एक बार फिर रद्द हुई परीक्षा
गुरुग्राम सेंटर पर हंगामा
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गुरुग्राम के सेक्टर-4 स्थित एमएम पब्लिक स्कूल में शुक्रवार सुबह हालात बिगड़ गए। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को बताया गया कि टेस्ट रद्द हो गया है। इससे नाराज़ परीक्षार्थियों ने स्कूल गेट को नुकसान पहुंचाया और जमकर नारेबाजी की। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस बुलानी पड़ी।
सेंटर हेड मनोज गुप्ता के मुताबिक, “परीक्षा SSC सर्वर में तकनीकी खराबी की वजह से रद्द हुई। पहले शिफ्ट के बाद सर्वर चालू हो गया था, लेकिन उस शिफ्ट के छात्रों ने हंगामा किया और दूसरी शिफ्ट के अभ्यर्थियों को अंदर जाने से रोक दिया। बाद में पुलिस ने स्थिति संभाली।”
पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने इस घटना को लेकर कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
दिल्ली और जम्मू के सेंटर भी प्रभावित
दिल्ली के भारती विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल में भी प्रशासनिक गड़बड़ी के चलते परीक्षा रद्द करनी पड़ी। इन उम्मीदवारों को अब 24, 25 और 26 सितंबर 2025 को परीक्षा देने का मौका मिलेगा।
वहीं, जम्मू के डिजिटल कंप्यूटर एजुकेशन सेंटर में तकनीकी दिक्कतों के कारण परीक्षा बाधित हुई। यहां के उम्मीदवारों को 26 सितंबर को दोबारा परीक्षा देने का समय निर्धारित किया गया है।
संबंधित खबरें
SSC चेयरमैन का बयान
SSC चेयरमैन एस. गोपालकृष्णन ने बताया कि देशभर के 227 सेंटरों में परीक्षा सफलतापूर्वक हुई, लेकिन 12 जगह गड़बड़ी सामने आई, जिनमें सबसे बड़ी समस्या गुरुग्राम में रही। उन्होंने कहा कि पुरानी मशीनों और अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण गुरुग्राम सेंटर को छोड़ना पड़ा। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि दिल्ली-एनसीआर में नए सेंटर 10 दिनों के भीतर आवंटित कर दिए जाएंगे।
चेयरमैन ने यह भी कहा कि जम्मू में केवल मामूली तकनीकी समस्याएं आई थीं। परीक्षा प्रक्रिया में नए फीचर्स जोड़ने से कभी-कभी ऐसी गड़बड़ियां होती हैं। लेकिन चूंकि अधिकतर केंद्रों पर सब कुछ सुचारू रहा, इसलिए स्थानीय प्रबंधन की जिम्मेदारी बनती है, जो पुराने नेटवर्क और उपकरणों पर निर्भर थे।
उन्होंने साफ किया कि परीक्षा रद्द करने का अधिकार सिर्फ आयोग के पास है, कोई भी सेंटर खुद से ऐसी घोषणा नहीं कर सकता।
छात्रों में आक्रोश
यह मामला नया नहीं है। इससे पहले जुलाई-अगस्त 2025 में हुई SSC Selection Post Phase 13 भर्ती परीक्षा के दौरान भी अचानक परीक्षा रद्द, सॉफ्टवेयर क्रैश, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन फेलियर और गलत सेंटर अलॉटमेंट जैसी समस्याएं सामने आई थीं।
तब हजारों छात्रों और शिक्षकों ने दिल्ली के जंतर-मंतर और सीजीओ कॉम्प्लेक्स पर प्रदर्शन कर आयोग से जवाबदेही, वेंडर रिव्यू और स्वतंत्र जांच की मांग की थी।
स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) केंद्र सरकार का भर्ती निकाय है, जो कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के तहत काम करता है। यह आयोग ग्रुप-बी (नॉन-गजेटेड) और ग्रुप-सी (नॉन-टेक्निकल) पदों पर नियुक्ति के लिए परीक्षाएं आयोजित करता है। हर साल लाखों अभ्यर्थी SSC परीक्षाओं में शामिल होते हैं, जिनमें CGL सबसे लोकप्रिय और प्रतियोगी परीक्षा मानी जाती है।
संबंधित खबरें
आर्टिकल की समाप्ति


