पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद से ही तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में टूट जारी है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच टीएमसी से सांसद चुनी गईं काकोली घोष दस्तीदार के 31 मई को ही नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) अध्यक्ष का पद संभालने का दावा किया गया। एनसीपीआई के एक कथित फेसबुक पेज ने ही इससे जुड़ा एक पोस्ट किया था। हालांकि, अब खुद दस्तीदार ने कहा है कि वह पार्टी की अध्यक्ष नहीं हैं, बल्कि ज्योतिप्रकाश चटर्जी एनसीपीआई के प्रमुख होंगे। इस पूरे नाटकीय घटनाक्रम में कई राजनीतिक और सांविधानिक पेच हैं। दरअसल, काकोली के अगर एनसीपीआई अध्यक्ष बनने का दावे की पुष्टि हो जाती तो उनकी संसदीय सदस्यता भी जा सकती थी। ऐसे में किसी विवाद से बचने के लिए न सिर्फ एनसीपीआई के पेज से वह पोस्ट गायब हो गया, बल्कि दस्तीदार ने खुद एनसीपीआई के नए अध्यक्ष का एलान भी कर दिया।

