
GT vs LSG Full Match Highlights: गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हरा दिया है. शुभमन गिल और जोस बटलर की अर्धशतकीय पारियों ने गुजरात को IPL 2026 सीजन में लगातार दूसरी जीत दिलाई. इसी बीच बटलर ने अपने टी20 करियर में 14 हजार रनों का आंकड़ा पार कर लिया है. बटलर ने 60 रन बनाकर इतिहास रचा, वहीं गिल ने 56 रन बनाए. इससे पहले प्रसिद्ध कृष्णा ने 4 विकेट लेकर LSG की बैटिंग को तहस-नहस कर दिया था.
14 हजारी बने जोस बटलर
जोस बटलर दुनिया के ऐसे पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने टी20 करियर में 14,000 रनों का आंकड़ा पार किया हो. उनसे पहले क्रिस गेल, कीरोन पोलार्ड, एलेक्स हेलस और डेविड वॉर्नर ऐसा कर चुके हैं. लखनऊ के खिलाफ 37 गेंद में 60 रनों की पारी के दौरान उन्होंने यह कीर्तिमान स्थापित किया. बटलर आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप जीतने के दावेदारों में भी शामिल हो गए हैं, जिन्होंने अब तक 176 रन बना लिए हैं.
शुभमन गिल और प्रसिद्ध कृष्णा भी चमके
गुजरात टाइटंस की जीत की नींव प्रसिद्ध कृष्णा ने रखी. उन्होंने गेंदबाजी में 4 ओवर बॉलिंग की और केवल 28 रन देकर 4 विकेट झटके. पर्पल कैप अब कृष्णा के पास आ गई है, जो अब तक सीजन में 10 विकेट ले चुके हैं. उनकी घातक गेंदबाजी की बदौलत गुजरात ने LSG को 164 रनों पर रोक लिया था.
165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई गुजरात टाइटंस के लिए शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने 45 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की. पिछले सीजन के ऑरेंज कैप विजेता सुदर्शन 15 रन बनाकर आउट हो गए. मगर गिल और जोस बटलर ने सधे हुए अंदाज में 84 रनों की पार्टनरशिप कार गुजरात को जीत के करीब पहुंचाया. गिल ने 40 गेंद में 56 रन बनाए, दूसरी ओर बटलर के बल्ले से 60 रन निकले. बाकी काम वाशिंगटन सुंदर ने कर दिया, जिन्होंने 13 गेंद में 21 रन बनाए, दूसरी ओर राहुल तेवतिया 10 रन बनाकर नाबाद लौटे. गुजरात ने 8 गेंद शेष रहते यह मैच जीता. इस बड़ी जीत से उसका नेट रन रेट भी बेहतर हुआ है.
यह भी पढ़ें:

