यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियों की चेकिंग का आज आखिरी दिन है। (Image source : AI/Gemini)
जैसे-जैसे यूपी बोर्ड 2026 के रिजल्ट की तारीखें नजदीक आ रही हैं, बोर्ड काफी सक्रिय नजर आ रहा है। हाल ही में बोर्ड ने स्कूलों, बच्चों और उनके पेरेंट्स के लिए अलर्ट जारी किया। अब 2026 की प्रैक्टिकल परीक्षा देने से चूक गए बच्चों को अंतिम मौका देने से जुड़ा एक नोटिफिकेशन जारी किया है। शनिवार को जारी नोटिस में बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने कहा है कि इस साल की इण्टर प्रैक्टिकल परीक्षा 2026 में छूटे या किसी कारणवश उपस्थित न हो पाए छात्र और छात्राएं अब अपने प्रैक्टिकल एग्जाम देने का अंतिम मौका पा सकते हैं। यह परीक्षा 9 और 10 अप्रैल, 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा बोर्ड के आदेशानुसार सीसीटीवी निगरानी में और रीजनल ऑफिस द्वारा नियुक्त परीक्षकों द्वारा संपन्न कराई जाएगी।
यदि किसी स्कूल के सभी छात्रों की परीक्षा छूटी हो, तो उनकी परीक्षा उसी स्कूल में या DIOS या रीजनल ऑफिस द्वारा जिला स्तर पर निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। जो छात्र या छात्रा इस परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें अपने पंजीकृत स्कूल या DIOS कार्यालय से संपर्क कर केंद्र और समय की जानकारी लेनी होगी। ध्यान रहे कि यह अंतिम अवसर है और इसके बाद प्रैक्टिकल परीक्षा का कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।
इससे पहले बच्चों और उनके अभिभावकों को आगाह करते हुए बोर्ड ने कहा कि अगर कोई पैसे लेकर नंबर बढ़ाने का दावा करता है तो उससे सावधान रहें। शुक्रवार रात जारी नोटिस में सचिव भगवती सिंह ने बताया कि पिछले अनुभवों के आधार पर यह देखा गया है कि साइबर ठग छात्रों और उनके माता-पिता को अलग-अलग तरीकों से फंसाने की कोशिश करते हैं। ये लोग फोन करके मार्क्स बढ़ाने का लालच देते हैं और दावा करते हैं कि उनकी पहुंच बोर्ड के डेटा तक है, यहां तक कि वे खुद को बोर्ड का कर्मचारी भी बताने लगते हैं।
बोर्ड ने साफ किया है कि ऐसे सभी दावे झूठे हैं और इस तरह की ठगी करने वालों के खिलाफ यूपी पुलिस की मदद से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ईमेल पर भरोसा न करें, अपनी निजी जानकारी या बैंक डिटेल किसी अनजान व्यक्ति के साथ शेयर न करें। अगर ऐसा कोई कॉल आए तो उसे रिकॉर्ड करें और तुरंत अपने जिले के DIOS को जानकारी दें या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
स्कूलों को 6-7 अप्रैल तक अपलोड करने होंगे प्रैक्टिकल मार्क्स
यूपी बोर्ड ने स्कूलों के लिए अलर्ट जारी कर कहा कि जिन स्कूलों ने अबतक प्रैक्टिकल परीक्षा के अंक अपडेट नहीं किए हैं वे समय पर यह जरूरी काम निपटा लें। शुक्रवार दोपहर जारी नोटिफिकेशन के जरिए स्कूलों को अलर्ट करते हुए बोर्ड ने कहा कि जांच में पता चला है कि 652 परीक्षा केंद्रों में आंतरिक परीक्षकों ने अभी भी अपने स्कूल के लॉगिन से छात्रों के अंक अपलोड नहीं किए हैं। स्कूलों की इस लापरवाही से 12वीं क्लास से करीब 34,637 बच्चों के रिजल्ट पर असर पड़ने की उम्मीद है। बोर्ड के मुताबिक समय पर अंक अपलोड न होने और नतीजों में गड़बड़ी के लिए स्कूल के प्रिंसिपल, आंतरिक परीक्षक और DIOS जिम्मेदार होंगे।
यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह के मुताबिक छात्रहितों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड प्रैक्टिकल मार्क्स अपलोड करने के लिए स्कूलों को एक और मौका दिया है। 12वीं क्लास की प्रैक्टिकल परीक्षा दिए जिन बच्चों के अंक बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in पर अभी भी अपडेट नहीं हैं। ऐसे सभी स्कूलों को 6 और 7 अप्रैल 2026 को वेबसाइट पर लिंक फिर से एक्टिव होंगे। यूपी बोर्ड ने इस बार 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं दो फेज में कराई थी। पहला फेज 24 जनवरी से 1 फरवरी 2026 के बीच और दूसरा फेज 2 फरवरी से 9 फरवरी 2026 के बीच संपन्न हुआ था। हालांकि इस दौरान कुछ स्कूलों में प्रैक्टिकल पूरी नहीं हुई थी या अंक ऑनलाइन अपलोड नहीं हुए थे। इसलिए बोर्ड ने प्रैक्टिकल की तारीख 13 फरवरी 2026 तक बढ़ा दी थी।
यूपी बोर्ड परीक्षा के कॉपियों की चेकिंग का आज आखिरी दिन है। 31 मार्च 2026 को जारी एक नोटिफिकेशन में बोर्ड ने बताया था कि 4 अप्रैल तक कॉपियों के इवैल्यूएशन का काम पूरा करा लिया जाएगा। बता दें कि साल 2026 की यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं क्लास की बोर्ड परीक्षा के लिए 53,37,778 बच्चों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इसमें हाईस्कूल के 27 लाख और इंटर के 25 लाख बच्चे शामिल हैं। इस बार 8033 परीक्षा केंद्रों पर 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 के बीच हुई परीक्षा में बैठे करीब 52 लाख बच्चों को अपने नतीजों का बेसब्री से इंतजार है।
संबंधित खबरें
Author
आर्टिकल की समाप्ति

