हिमाचल प्रदेश सिर्फ बाहरी पर्यटकों की पसंद नहीं, बल्कि घरेलू यात्रा संस्कृति के मामले में भी देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के एनएसएस 80वें दौर के घरेलू पर्यटन व्यय सर्वेक्षण जुलाई 2025-जून 2026 ने हिमाचल की ऐसी तस्वीर सामने रखी है, जो राज्य की पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था की गहराई को दर्शाती है। सितंबर में जारी हुए सर्वेक्षण के अनुसार प्रदेश के 77.9 फीसदी परिवारों ने 30 दिन के भीतर कम से कम एक समान दिवसीय यात्रा की, जो पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड से कहीं अधिक है। उधर, देश भर में 65.1 फीसदी ग्रामीण और 46.2 फीसदी शहरी परिवारों ने एक माह में कम से कम एक घरेलू रात्रि यात्रा पूरी की। देश में कुल 58.2 फीसदी परिवार घरेलू यात्रा कर रहे हैं। 89.7 फीसदी के साथ त्रिपुरा पहले और 78.7 फीसदी के साथ केरलम दूसरे स्थान पर है।

