
Partner Income Before Marriage: शादी जिंदगी का एक महत्वपूर्ण फैसला होता है, जिसके बारे में हमें बहुत सोचने और विचार करने की जरूरत होती है. शादी के बाद सबसे अहम होता है कि आजीविका सामान्य रूप से चले. इसमें थोड़ी-बहुत ऊंच-नीच हो भी जाती है, तो उसे मैनेज किया जा सकता है, लेकिन अगर समस्या विकराल होती चली जाए, तो फिर यह जरूरी है कि इसे शादी से पहले ही हल कर लिया जाए. इसलिए शादी से पहले अपने पार्टनर की कमाई के बारे में जानना बेहद जरूरी है, ताकि आप दोनों भविष्य की मजबूत आर्थिक नींव रख सकें. इससे शादी के बाद पैसों को लेकर होने वाली कई गलतफहमियों से भी बचा जा सकता है.
शादी से पहले वित्तीय स्थिति समझना जरूरी
शादी से पहले वित्तीय स्पष्टता बहुत जरूरी है. शादी से पहले पार्टनर की इनकम पूछना लालच की निशानी नहीं है, बल्कि यह बहुत ही समझदारी भरा सवाल है. इससे आप भविष्य के खर्चों का अनुमान लगा सकते हैं. साथ ही आर्थिक तंगी से भी बच सकते हैं. वहीं, आपको जीवनस्तर तय करने में भी मदद मिल सकती है. इससे दोनों लोग अपनी जरूरतों और जिम्मेदारियों को पहले से बेहतर तरीके से समझ सकते हैं.
कमाई के साथ बचत और निवेश पर भी करें बात
जब भी अपने भावी जीवनसाथी से सैलरी की बात करें, तो इसके साथ ही उसकी बचत को लेकर सोच के बारे में भी बातचीत करें. यह जानें कि उसे भविष्य के लिए निवेश की कितनी समझ है. वहीं, आप उसमें क्या कुछ अपना योगदान दे सकते हैं, यह भी बताएं. इससे दोनों लोगों के बीच एक समझदारी बनेगी. पैसों को लेकर जितनी खुलकर बातचीत होगी, शादी के बाद आर्थिक फैसले लेना उतना ही आसान हो सकता है. अगर आपके पार्टनर के ऊपर कर्ज या देनदारियां हैं, तो उसका आकलन करें कि क्या वह इसे पूरा करने में सक्षम है. अगर सब कुछ ठीक है, तो आपको ज्यादा चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है.
पारिवारिक जिम्मेदारियों के बारे में भी जानें
कमाई के साथ-साथ पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर भी जरूर बात कीजिए. यह भी जानने की कोशिश कीजिए कि वे फिलहाल किन-किन आर्थिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं. क्या वे अपने भाई-बहनों की कॉलेज की फीस भर रहे हैं या कोई अन्य जिम्मेदारी है. इन बातों की जानकारी पहले से होने पर शादी के बाद अचानक आने वाले आर्थिक दबाव को समझना आसान हो सकता है. साथ ही, अगर आप भी वर्किंग प्रोफेशनल हैं, तो खर्च बांटने की योजना पर बात करें और मिलकर वित्तीय लक्ष्य तय करें.
यह भी पढ़ें: प्यार को बनाए रखना है बरकरार? पार्टनर से रोज पूछें ये 5 सवाल
The post शादी से पहले पार्टनर की सैलरी पूछना सही या गलत? जानिए क्यों जरूरी है पैसों पर खुलकर बात करना appeared first on Prabhat Khabar.

