- मौजूदा नियमों से दुबई सोना भारत में महंगा पड़ता है.
भारत में इस वक्त सोने की कीमत 4,133 रुपये की गिरावट के साथ 1.48 लाख रुपये के स्तर पर है. आज देश में 24 कैरेट के सोने की कीमत प्रति 10 ग्राम 1,47,980 रुपये है. दुनिया में कई ऐसे देश हैं, जहां सोना भारत के मुकाबले कहीं सस्ता मिलता है. इन्हीं में से एक है दुबई.
यहां के एयरपोर्ट में कदम रखने के साथ ही आपको इस बात का एहसास हो जाएगा. यहां एक के बाद एक लाइन से सोने की दुकानें लगी हुई रहती हैं, जहां चेन, चूड़ियां, सिक्के सबकुछ सस्ते रेट पर मिल जाते हैं. सबसे बड़ी बात है यह है कि दुबई में सोना पूरी तरह से टैक्स-फ्री होता है यानी कि इसमें 0% VAT लगता है. साथ ही, शुद्धता की भी 100% गारंटी होती है.
दुबई में सोना खरीदना कितना सस्ता?
आज दुबई में 24 कैरेट सोने की कीमत AED 497.25 प्रति ग्राम चल रही है, जो भारतीय करेंसी के हिसाब से लगभग 13,008 रुपये प्रति ग्राम है (AED 1 = 26.16 रुपये). यानी कि यहां 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत 1,30,080 रुपये है. जबकि भारत में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 14,880 प्रति ग्राम है. यानी दोनों देशों के बीच सोने की कीमत में 12.6% का अंतर है. बता दें कि इसमें अभी मेकिंग चार्ज को शामिल नहीं किया गया है. दुबई में सोना भारत के मुकाबले सस्ता होने की वजह से ही भारत के लोग वहां से सोना खरीदकर लाते हैं.
भारत लाते-लाते क्यों हो जाता महंगा?
दुबई से सोना खरीदकर लाना बेशक सस्ता है और वहां से सोना खरीदकर लाने में कोई गैरकानूनी बात भी नहीं है. हालांकि, इसके कुछ नियम है. जब भी आप किसी दूसरे देश से अपने देश लौटते हैं, तो आपको यह जानकारी देनी होती है कि आपने वहां से क्या-क्या खरीदकर लाया है.
यह जानकारी एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग के ‘रेड चैनल’ (Red Channel) काउंटर पर जाकर देना होगा. वहां आपको एक Customs Declaration Form दिया जाएगा, जिसमें आपको दुबई से खरीदे गए सोने का सही वजन और उसकी कीमत लिखनी होगी.
कितना सोना ला सकते हैं?
दुबई से गोल्ड खरीदकर लाने की लिमिट महिला और पुरुषों में अलग-अलग होती है. महिलाओं के लिए दुबई से ड्यूटी फ्री सोने की लिमिट 40 ग्राम (अधिकतम वैल्यू 1,00,000 रुपये तक) और पुरुषों के लिए 20 ग्राम (अधिकतम वैल्यू 50,000 रुपये तक) है. अगर पति-पत्नी साथ सफर कर रहे हैं, तो 60 ग्राम तक सोना बिना किसी टैक्स के बिल्कुल मुफ्त ला सकते हैं. लेकिन अगर सोने की मात्रा तय लिमिट से ज्यादा हुई, तो इसमें प्रति ग्राम के हिसाब से लगभग 15% से 18% तक कस्टम ड्यूटी और टैक्स लगाया जाता है.
यानी कि वहां से आप 13,080 प्रति ग्राम के रेट पर सोना लेकर आए. उस पर करीब 15% कस्टम ड्यूटी (लगभग 1,962 रुपये प्रति ग्राम का टैक्स) लगाई गई. यानी कि अब उस सोने की कुल कीमत आपको 15,042 प्रति ग्राम रुपये पड़ गई, जबकि भारत में सोने का रेट ही अभी करीब 14,623 से 14,956 है. यानी कि सस्ते में लाया गया सोना आपको भारत आते-आते महंगा पड़ ही गया.
यहां भी फंसा है पेंच
जैसा कि पहले ही बताया जा चुका है कि इंडियन पासपोर्ट रखने वाला पुरुष अपने साथ 20 ग्राम तक सोना दुबई से भारत ला सकता है. बशर्ते, उसकी वैल्यू 50,000 रुपये से ज्यादा न हो. लेकिन चूंकि अभी सोने के दाम काफी बढ़ चुके हैं इसलिए 50,000 रुपये की लिमिट में सिर्फ 3.5 से 4 ग्राम तक ही सोना लिया जा सकता है.
ऐसे में आज के नियम के हिसाब से एक पुरुष यात्री दुबई से सिर्फ लगभग 3.8 ग्राम सोना या 50,000 तक की लिमिट में जितना आ सके, उतना ही बस बिना टैक्स के ला सकता है. इससे ज्यादा लाने पर उन्हें एयरपोर्ट पर भारी-भरकम कस्टम ड्यूटी देनी होगी. महिलाओं के लिए भी नियम यही है.
ये भी पढ़ें:
1 अक्टूबर के बाद बिना eKYC कितना महंगा मिलेगा सिलेंडर? रिफिल के नए नियम समझें

