
Clock It Meaning: आप भी अगर इंस्टाग्राम पर एक्टिव रहते हैं, तो जेन जेड की रील्स में आपने एक शब्द जरूर सुना होगा, ‘क्लॉक इट’ (Clock It). यह शब्द सोशल मीडिया पर किसी बात को नोटिस करने, किसी के व्यवहार को समझने या किसी छिपी हुई बात को पहचान लेने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. आइए आसान शब्दों में इस पूरे ट्रेंड को समझते हैं.
‘क्लॉकिंग’ शब्द का इतिहास और मतलब
सोशल मीडिया पर आने से कई दशकों पहले ‘क्लॉकिंग’ शब्द का अपना एक इतिहास रहा है. यह शब्द न्यूयॉर्क की ब्लैक और लैटिनक्स एलजीबीटीक्यू प्लस बॉलरूम कल्चर से जुड़ा है. इस कल्चर की जड़ें 1960 के दशक में वहां की क्वीर और ट्रांस कम्युनिटी में मिलती हैं. बॉलरूम कल्चर में ‘क्लॉकिंग’ का इस्तेमाल किसी व्यक्ति के बारे में ऐसी बात को पहचानने के लिए किया जाता था, जिसे वह छिपाने की कोशिश कर रहा हो. समय के साथ यह शब्द बॉलरूम कल्चर से निकलकर ड्रैग कल्चर, टीवी शोज और इंटरनेट के जरिए ज्यादा लोगों तक पहुंचा. बाद में सोशल मीडिया पर ‘क्लॉक इट’ का इस्तेमाल किसी बात को पहचानने, किसी के व्यवहार में छिपी बात पकड़ने या किसी बात से सहमत होने के लिए होने लगा.
झूठ और दिखावे को पहचानने के लिए इस्तेमाल होता है ‘क्लॉक इट’
आजकल सोशल मीडिया पर कई लोग अपनी जिंदगी और व्यक्तित्व को एक खास तरीके से पेश करते हैं. ऐसे में जब कोई व्यक्ति किसी के व्यवहार, बात या दिखावे के पीछे छिपी बात को पहचान लेता है, तो जेन जेड के बीच ‘क्लॉक इट’ का इस्तेमाल किया जाता है. आसान भाषा में इसका मतलब कुछ ऐसा समझा जा सकता है, ‘तुमने सही बात नोटिस की’ या ‘तुमने सही बात पकड़ ली.’ हालांकि, ‘क्लॉक इट’ का इस्तेमाल केवल झूठ या चालबाजी पकड़ने के लिए ही नहीं होता. सोशल मीडिया पर इसका इस्तेमाल किसी बात को सही मानने या उससे सहमत होने के लिए भी किया जाता है.
ऐसे किया जाता है ‘क्लॉक इट’ का इशारा
सोशल मीडिया पर ‘क्लॉक इट’ के साथ एक खास तरह का उंगली का इशारा भी देखने को मिलता है. इसमें अंगूठे और बीच की उंगली का इस्तेमाल करके चुटकी जैसी आवाज या इशारा किया जाता है. बाद में सोशल मीडिया पर यह इशारा लोकप्रिय हो गया. सोशल मीडिया पर इसी भाव को दिखाने के लिए ताली या चुटकी वाले इमोजी का इस्तेमाल भी किया जाता है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली और झारखंड के Gen Z की डिजिटल दुनिया कितनी अलग, कहीं एस्थेटिक तो कहीं रोजगार और अधिकार की लड़ाई


