जालंधर की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के कैंपस में शनिवार देर रात छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के मुताबिक गर्ल्स हॉस्टल में दुष्कर्म का एक मैसेज वायरल हुआ था इसके बाद बवाल मचा। छात्रों में भारी गुस्सा देखा गया।
कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें साझा कीं। इन पोस्ट के अनुसार, यह गुस्सा गर्ल्स हॉस्टल से जुड़े एक गंभीर मामले को लेकर बढ़ रहा था। विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने तोड़फोड़ और आगजनी भी की। छात्रों के हंगामे के कारण अमृतसर दिल्ली हाईवे जाम हो गया। माैके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को शांत करवाया।
अज्ञात पर दुष्कर्म का केस
इसके बाद छात्रों की शिकायत पर जी 3 हाॅस्टल में रहने वाली एक छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोप में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया गया है। डीआईजी नवीन सिंगला ने कहा कि दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि स्टूडेंट्स ने कहा है कि एफआईआर कॉपी मिलते ही हाईवे का जाम खोल दिया जाएगा। वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने भी दुष्कर्म के आरोपों को बेबुनियाद बताया। साथ ही स्टूडेंट्स से अपील की है कि वे अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी प्रदर्शन या धरने में भाग न लें। वहीं एसएसपी गौरव तूरा का कहना है कि जांच में दुष्कर्म का कोई मामला सामने नहीं आया है।


