गाजीपुर जिले के लंका मैदान में शनिवार को निशुल्क स्वास्थ्य शिविर के उद्घाटन के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पाकिस्तान ने किसी भी तरह की गड़बड़ी की तो लखनऊ की ब्रह्मोस मिसाइल उसे नेस्तनाबूद कर देगी।
उन्होंने गाजीपुर के इतिहास और यहां के लोगों के साहस का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई, 1857 की क्रांति और पड़ोसी देशों से हुए संघर्ष में जिले के वीरों ने देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यहां के युवाओं और वीरों ने हर चुनौती का डटकर मुकाबला किया है।
डिप्टी सीएम ने गुंडे-माफिया को लेकर भी तल्ख तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि वे अपने पुराने दौर को याद कर लें। कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को भयमुक्त समाज देने का काम किया है। उन्होंने गाजीपुर की जनता को क्षेत्र की आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द पूरी कराने का भरोसा भी दिया।


