यूपी के एटा जिले में अवैध संबंधों के शक में एक पति ने हथौड़े से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर अपनी पत्नी प्रियंका (38) और सास कमला देवी (65) की निर्मम हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड में आरोपी का पिता और एक अन्य व्यक्ति भी शामिल रहा। हत्याकांड के बाद अब सास कमला की जो कहानी सामने आई है, वो झकझोर देने वाली है।
कमला देवी ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि जिस बेटी के सहारे जिंदगी के आखिरी पड़ाव को सुकून से बिताने की उम्मीद लेकर वह उसके साथ रह रही हैं, वही घर उनकी जिंदगी का आखिरी ठिकाना बन जाएगा। मलावन थाना क्षेत्र के गांव छछैना में कमला देवी की ससुराल थी। पति के बाद एक बेटा और बेटी की भी मौत हो चुकी थी। इसके बाद बेटी प्रियंका ही उनके जीवन का सहारा बनी।


