कांग्रेस नेता और वायनाड से लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को दिल्ली और बिहार में महिलाओं के साथ हुए हालिया हमलों पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ ऐसे अपराध न केवल बढ़ रहे हैं, बल्कि पहले से कहीं अधिक हिंसक होते जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार और राज्य सरकारों से अपील की है कि वे सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
प्रियंका गांधी ने क्या कहा?
वायनाड में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि महिलाओं के लिए पहले से ही माहौल असुरक्षित था और अब यह स्थिति और ज्यादा खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा- यह बढ़ रहा है। महिलाओं के लिए हमेशा से असुरक्षित माहौल रहा है, लेकिन अब महिलाओं के प्रति हिंसा और ज्यादा बर्बर होती जा रही है। मेरा मानना है कि अगर हम सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकते, तो बड़ी-बड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों की बातें करने का कोई मतलब नहीं रह जाता।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर विचार करने की आवश्यकता
केरल के दौरे पर पहुंचीं कांग्रेस सांसद ने कहा- हर किसी को महिला सुरक्षा के मुद्दे पर बेहद गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। उन्होंने आगे कहा, यह सचमुच एक ऐसा विषय है जिस पर हम सभी को सोचना चाहिए। जहां भी राज्य सरकारें हैं और विशेष रूप से केंद्र सरकार, उन्हें इस बात पर विचार करना होगा कि वे महिलाओं को सुरक्षित महसूस कराने के लिए क्या कदम उठाने जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: महुआ मोइत्रा पर अंडे फेंकने का मामला: सांसद ने खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाजा, पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
वायनाड में अपने कार्यक्रमों को लेकर प्रियंका गांधी ने बताया कि यह उनका एक लंबा दौरा है। इस दौरान उनकी कोशिश रहेगी कि वे ज्यादा से ज्यादा स्थानीय लोगों से मुलाकात करें और उनकी समस्याओं को गहराई से समझें, ताकि उन समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जा सकें।

