80 और 90 के दशक में एक से बढ़कर एक खलनायक हुए. उनमें से सबसे ज्यादा चर्चा में रहे गुलशन ग्रोवर. गुलशन ग्रोवर का फिल्मी करियर काफी लंबा और सफल रहा है. हालांकि अपने करियर में उन्होंने बहुत कम ही पॉजिटिव किरदार निभाए हैं. वो निगेटिव किरदार से फैंस के दिलों में गहरी और अमिट छाप छोड़ने में कामयाब हुए. तभी तो उन्हें फिर बाद में ‘बॉलीवुड के बैडमैन’ भी कहा गया.
गुलशन ग्रोवर ने अपने दौर में एक से बढ़कर एक स्टार्स के साथ काम किया और बड़े पर्दे पर उनसे पंगा लिया. आज भी गुलशन फिल्मी दुनिया में काम कर रहे हैं और फैंस का दिल जीत रहे हैं. हालांकि अभिनेता को अपनी निजी जिंदगी में मुश्किलों का सामना करना पड़ा है. दो शादी करने के बावजूद वो अपनी लाइफ में अकेले रह गए. आइए आज एक्टर के जन्मदिन के मौके पर उनकी लाइफ से जुड़ी कुछ खास और दिलचस्प बातों के बारे में जानते हैं.
बचपन में रामलीला में करते थे पार्टिसिपेट
गुलशन ग्रोवर आज 71 साल के हो चुके हैं. इस दिग्गज अभिनेता का जन्म 21 सितंबर 1955 को नई दिल्ली में हुआ था. शुरू से ही गुलशन को एक्टिंग का शौक था और उनका अभिनय का सफर बचपन में रामलीला से शुरू हो गया था. जब वो तीसरी और चौथी क्लास में थे तभी उन्होंने रामलीला में एक्टिंग करना शुरू कर दिया था.

ये भी पढ़ें: ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ में सीता बन ट्रोल हुईं अंजलि अरोड़ा, दिया करारा जवाब
कॉलेज के दौरान थिएटर ग्रुप से जुड़े
गुलशन ने बड़े होने पर भी एक्टिंग करना जारी रखा और जब वो कॉलेज में थे तब अपने एक्ट से लोगों का दिल जीत लेते थे. गुलशन ने श्रीराम कॉलेज ऑफ काॅमर्स से पढ़ाई की थी और इसी दौरान वो लिटिल थिएटर ग्रुप से जुड़ गए. इसके बाद उन्होंने एक्टिंग में करियर बनाने का फैसला ले लिया था.
डिटर्जेंट पाउडर और फिनाइल की गोलियां बेचते थे गुलशन
गुलश ग्रोवर के 6 भाई-बहन थे और उनके सहित टोटल सात. ऐसे में उनके पैरेंट्स के लिए सभी बच्चों को पढ़ाना मुश्किल था. हालांकि उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और बचपन में ही वो काम भी करने लगे थे. दोपहर में वो स्कूल जाते थे और सुबह फ्री टाइम में अभिनेता अमीर लोगों के घर जाकर डिटर्जेंट पाउडर और फिनाइल की गोलियां बेचने का काम करते थे. बदले में उन्हें जो पैसे मिलते थे उससे वो अपनी स्कूल फीस भर दिया करते थे.

संजय दत्त और सनी देओल के गुरु थे गुलशन
ये बात जानकर आप हैरान रह सकते हैं कि गुलशन ग्रोवर बॉलीवुड के दो बड़े सुपरस्टार्स सनी देओल और संजय दत्त को एक्टिंग की बारीकियां सीखा चुके हैं. कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद गुलशन जब मुंबई आए थे तो उन्होंने रोशन तनेजा स्कूल ऑफ एक्टिंग में एडमिशन लिया था.

गुलशन ने यहां एक्टिंग सीखी थी. इसके बाद अपना गुजारा चलाने के लिए वो यहीं पर एक्टिंग भी सिखाने लगे. वो संजय दत्त और सनी देओल के अलावा टीना मुनीम और कुमार गौरव को भी एक्टिंग सीखा चुके हैं. तब अभिनेता को पहली कमाई के रूप में 4 हजार रुपये मिले थे.

गुलशन ग्रोवर का एक्टिंग करियर
गुलशन ने बॉलीवुड में अपनी शुरुआत साल 1980 में फिल्म ‘हम पांच’ से की थी. जबकि इससे पहले उन्होंने दूरदर्शन के शो ‘फूल खिले हैं गुलशन गुलशन’ में भी काम किया था. हालांकि उन्हें पहचान मिली थी संजय दत्त की डेब्यू फिल्म ‘रॉकी’ से जो साल 1981 में आई थी.

साल 1989 की फिल्म ‘राम लखन’ में निभाया गया उनका केसरिया विलायती का रोल काफी फेमस हुआ और इसके बाद उन्हें ‘बैडमैन’ कहा जाने लगा था, क्योंकि फिल्म में उनका तकिया कलाम बैडमैन काफी चर्चा में रहा था. उन्होंने अपने करियर में 400 से ज्यादा फिल्में कीं. गुलशन की चर्चित फिल्मों में ‘खिलाडियों का खिलाड़ी’, ‘सदमा’, ‘यस बॉस’, ‘लज्जा’, ‘राम जाने’, ‘सूर्यवंशी’ और ‘दिलवाले’ शामिल हैं. गुलशन ने ‘द सेकेंड जंगल बुक’, ‘एयर पैनिक’, ‘बीपर’, ‘अमेरिकन डेलाइट’, ‘डेस्परेट एंडेवर्स’ जैसी हॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है.
2 शादी के बाद भी रह गए अकेले
गुलशन ग्रोवर की पर्सनल लाइफ की बात करें तो अभिनेता ने दो शादी की थी. उनकी पहली शादी 1998 में फिलोमिना ग्रोवर से हुई थी. दोनों ने एक बेटे संजय ग्रोवर का वेलकम किया था. हालांकि 2001 में उनका तलाक हो गया. वहीं एक्टर ने दूसरी शादी साल 2002 में कशिश ग्रोवर से की थी. लेकिन, उनका रिश्ता अगले ही साल यानी साल 2002 में ही टूट गया था.



