तमिलनाडु में छह अक्तूबर को होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए सत्तारूढ़ टीवीके ने गुरुवार को अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। इन चुनावों में टीवीके का सीधा मुकाबला अपने बड़े विरोधी द्रमुक से होगा। अन्नाद्रमुक भी चुनाव मैदान में उतर गई है।
टीवीके के लिए क्यों खास है यह चुनाव?
यह तमिलनाडु में सरकार बनाने के बाद टीवीके का पहला चुनावी मुकाबला होगा। सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलागा वेत्री कझगम (टीवीके) ने 23 अप्रैल के विधानसभा चुनाव के बाद सहयोगी दलों की मदद से पहली बार सरकार बनाई है।
किन दो सीटों पर होगा चुनाव?
उपचुनाव मदुरंथकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर होगा। दोनों सीटों को तमिलनाडु के उत्तर और पश्चिमी हिस्सों में अन्नाद्रमुक (एआईएडीएमके) का मजबूत गढ़ माना जाता है।
टीवीके ने किन्हें उम्मीदवार बनाया?
पार्टी संस्थापक और मुख्यमंत्री विजय ने पूर्व अन्नाद्रमुक विधायकों के मरागथम कुमारवेल और पी सत्यबामा को उम्मीदवार बनाया है। कुमारवेल को मदुरंथकम से और सत्यबामा को धारापुरम से टिकट दिया गया है। दोनों पहले इन्हीं सीटों से विधायक रह चुकी हैं। बाद में दोनों टीवीके में शामिल हो गईं।
दोनों सीटें खाली कैसे हुईं?
23 अप्रैल के विधानसभा चुनाव में कुमारवेल और सत्यबामा ने अन्नाद्रमुक उम्मीदवार के तौर पर अपनी-अपनी सीट जीती थी। इसके बाद दोनों ने विधायक पद से इस्तीफा दिया और सत्तारूढ़ टीवीके में शामिल हो गईं। इस्तीफे के बाद दोनों सीटें खाली हो गईं।
ये भी पढ़ें: संजय दत्त के मराठी पर बयान से मचा बवाल: मंत्री सरनाईक को फोन कर दी सफाई, कहा- मैंने सिर्फ मजाक किया था
टीवीके को पुराने जनसमर्थन से क्या फायदा होगा?
कुमारवेल टीवीके की उप महासचिव हैं। सत्यबामा पार्टी की तिरुप्पुर दक्षिण-पूर्व जिला सचिव हैं। टीवीके सूत्रों के मुताबिक, दोनों को फिर से टिकट देकर पार्टी उनके पुराने स्थानीय समर्थन का फायदा उठाना चाहती है। इन आरक्षित सीटों पर उनका पहले से आधार है। पार्टी सरकार बनने के बाद अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है।
विजय ने कहा कि दोनों आरक्षित सीटों पर चुनाव ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री फ्रंट’ के नाम से लड़ा जाएगा। बुधवार को गठबंधन के नेताओं की बैठक के बाद इस मोर्चे का नाम तय किया गया। इस गठबंधन में कांग्रेस और एमडीएमके भी शामिल हैं।
डीएमके ने किसे मैदान में उतारा?
डीएमके ने भी अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। मदुरंथकम से वकील आई परंदामन को टिकट दिया गया है। वह इस सीट से पहले विधायक रह चुके हैं। धारापुरम से एस सुगन्या को उम्मीदवार बनाया गया है।
अन्नाद्रमुक ने किन्हें टिकट दिया?
अन्नाद्रमुक ने भी अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। मदुरंथकम से पूर्व विधायक कनिथा संपत को टिकट मिला है। धारापुरम से ईके पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली अन्नाद्रमुक ने के बानुमति को मैदान में उतारा है।
मतदान और गणना कब होगी?
चुनाव आयोग ने छह अक्तूबर को मतदान की तारीख तय की है। मतों की गिनती 9 अक्तूबर को होगी। अभी नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में दोनों इलाकों में चुनाव प्रचार तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।
पिछली बार किसने जीत दर्ज की थी?
कुमारवेल ने चेंगलपट्टू जिले की मदुरंथकम सीट जीती थी। उन्होंने उस समय अपनी निकटतम टीवीके प्रतिद्वंद्वी को हराया था। इसी तरह सत्यबामा ने धारापुरम सीट पर डीएमके की इंद्राणी टी को हराया था।
कुमारवेल ने मदुरंथकम से फिर जीत का भरोसा जताया है। उन्होंने टीवीके सरकार के काम के आधार पर जीत की उम्मीद जताई है। पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह ‘अन्नाद्रमुक की गढ़’ मानी जाने वाली इस सीट पर फिर जीत हासिल कर सकती हैं। इस पर उन्होंने कहा कि सरकार की 100 दिनों की उपलब्धियां लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि इसके बाद जीत सुनिश्चित होगी।


