दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने 18वें ब्रिक्स लीडर्स समिट के मद्देनजर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 की अंतरराष्ट्रीय यात्री-हैंडलिंग क्षमता बढ़ाई है। टर्मिनल-3 के पियर-सी को 9 सितंबर की रात से चरणबद्ध तरीके से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए शुरू किया गया। सभी सुरक्षा, परिचालन जांच और आवश्यक मंजूरियों के बाद यह व्यवस्था लागू की गई है।

11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स समिट में सदस्य और साझेदार देशों के नेता, वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और कारोबारी प्रतिनिधि शामिल होंगे। डायल के अनुसार पियर-सी पर शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय आगमन की सुविधा दी जाएगी, जबकि 10 सितंबर की शाम से यहां आगमन और प्रस्थान दोनों संचालित होंगे। इससे समिट के दौरान बढ़ने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को सुचारू रूप से संभालने में मदद मिलेगी।
पियर-सी को अंतरराष्ट्रीय संचालन के लिए तैयार करने से टर्मिनल-3 की क्षमता बढ़ी है और नई पीढ़ी के साथ वाइड-बॉडी विमानों के संचालन की सुविधा बेहतर हुई है। पूरी तरह चालू होने के बाद अंतरराष्ट्रीय यात्री क्षमता सालाना 50 प्रतिशत बढ़कर 3.10 करोड़ हो जाएगी। व्यवस्था के लिए सीआईएसएफ, बीसीएएस, एयरलाइंस, ग्राउंड-हैंडलिंग एजेंसियों, इमिग्रेशन और कस्टम्स समेत संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया गया है।
डायल के सीईओ प्रदीप पणिकर ने कहा, दिल्ली हवाई अड्डा ब्रिक्स समिट के लिए राजधानी पहुंचने वाले नेताओं और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। हम सुरक्षा और यात्री सुविधा के उच्चतम मानकों को बनाए रखते हुए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं, ताकि सभी यात्रियों और आगंतुकों को सुचारु संचालन और सहज अनुभव मिल सके।
मेहमानों के स्वागत के लिए सज रही नई दिल्ली
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए नई दिल्ली को सजाने-संवारने का काम तेज हो गया है। एनडीएमसी ने प्रमुख मार्गों, चौराहों और वीआईपी रूट पर 15 हजार से अधिक गमलों में पौधे, 15 पुष्प बोर्ड और नौ पुष्प फव्वारे लगाने की तैयारी की है। भारत मंडपम की ओर जाने वाले रास्तों, बाजारों, होटलों और गोलचक्करों पर फूलदार व सजावटी पौधों से आकर्षक लैंडस्केपिंग की जा रही है। खाली हिस्सों में बहुस्तरीय पौधरोपण से हरित आवरण तैयार किया गया है। चाणक्यपुरी स्थित करीब तीन एकड़ के ब्रिक्स फ्रेंडशिप रोज गार्डन को भी संवारा जा रहा है। यहां गुलाब की 107 किस्में हैं।
विशेष सफाई के निर्देश
ब्रिक्स सम्मेलन 2026 की तैयारियों को लेकर एमसीडी और लोक निर्माण विभाग ने राजधानी में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार और पीडब्ल्यूडी प्रधान सचिव संदीप कुमार ने बुधवार को भारत मंडपम समेत प्रमुख आयोजन स्थलों और प्रतिनिधियों के आवागमन वाले मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों को सफाई, सड़क, फुटपाथ, हरित क्षेत्र, प्रकाश व्यवस्था और सुंदरीकरण में सुधार के निर्देश दिए गए। सराय काले खां, लोधी रोड, निजामुद्दीन, साकेत और शेख सराय में भी व्यवस्थाओं की समीक्षा हुई। संवेदनशील क्षेत्रों में गहन सफाई, प्रवर्तन, पशु एवं वेक्टर नियंत्रण तथा ब्रांडिंग पर विशेष जोर दिया गया।
11 से 13 सितंबर तक व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक, मेट्रो सेवा सामान्य रहेगी
नई दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक प्रस्तावित ब्रिक्स सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे। वीआईपी मूवमेंट के दौरान नई दिल्ली और आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोकी या डायवर्ट की जा सकती है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले एडवाइजरी देखने और निर्धारित डायवर्जन का पालन करने की अपील की है।
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता के अनुसार, दिल्ली की सीमाओं पर अन्य राज्यों से आने वाले कॉमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। हालांकि, जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। वीआईपी मूवमेंट के दौरान इन वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा सकता है। यदि किसी देश के वरिष्ठ अधिकारी या प्रतिनिधिमंडल दिल्ली के बाजार अथवा ऐतिहासिक स्थल का दौरा करता है, तो सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित क्षेत्र में भी कुछ समय के लिए यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएंगे।
डीटीसी बसों के रूट प्रभावित, मेट्रो चलेगी सामान्य
दिल्ली पुलिस ने डीटीसी के साथ ट्रैफिक प्लान साझा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रतिबंधित इलाकों में डीटीसी बसों का संचालन नहीं होगा। 11 से 13 सितंबर तक बसें केवल निर्धारित और स्वीकृत रूट पर ही चलेंगी। इसके विपरीत, मेट्रो सेवा सामान्य रूप से जारी रहेगी और इसमें किसी तरह का व्यवधान नहीं होगा।
गूगल मैप पर मिलेगा रियल टाइम अपडेट
यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली पुलिस ने गूगल मैप के अधिकारियों के साथ भी योजना साझा की है। सम्मेलन के दौरान लागू डायवर्जन और यातायात बदलाव की जानकारी गूगल मैप पर रियल टाइम में अपडेट की जाएगी। पुलिस लगातार बदलावों की जानकारी साझा करेगी, ताकि लोग वैकल्पिक मार्ग चुन सकें।
टैक्सी पिक-अप और ड्रॉप पर भी रोक
प्रतिबंधित क्षेत्रों में सम्मेलन के दौरान ऑनलाइन टैक्सी सेवाओं के पिक-अप और ड्रॉप की सुविधा बंद रहेगी। वहीं, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी और उन्हें रोका नहीं जाएगा।
इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
मथुरा रोड, तिलक मार्ग, महाराजा रंजीत सिंह मार्ग, मदर टेरेसा क्रीसेंट मार्ग, साइमन बोलिवर मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, शांति मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, अमृता शेरगिल मार्ग, मैक्स मुलर मार्ग, महर्षि रमण मार्ग, आर्चबिशप मकारियोस मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, भारत मंडपम, भैरों मार्ग, फिरोजशाह मार्ग और भगवान दास मार्ग पर आवश्यकता के अनुसार वाहनों की आवाजाही बाधित या प्रतिबंधित रहेगी।
सम्मेलन की रिहर्सल से दिल्ली में यातायात प्रभावित
ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियों और वीवीआईपी काफिले की रिहर्सल के चलते बुधवार शाम दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहा। शाम 7 से रात 10 बजे तक हुई रिहर्सल के दौरान नई दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली और लुटियंस जोन की 35 से अधिक सड़कों पर यातायात नियंत्रित किया गया। 22 प्रमुख स्थानों पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया गया। सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रीसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, जनपथ, कनॉट प्लेस आउटर एरिया, मथुरा रोड, इंडिया गेट-सी हेक्सागन, अकबर रोड, शांति पथ और सफदरजंग रोड पर वाहनों की रफ्तार प्रभावित हुई।
यूपी सीमा से यमुना खादर तक चप्पे-चप्पे पर निगरानी, ड्रोन और बोट से पेट्रोलिंग
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर पूर्वी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय कर सीमावर्ती इलाकों में बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया है। दिल्ली को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाले प्रमुख बॉर्डरों पर 24 घंटे सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच के साथ सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।
चिल्ला, गाजीपुर, आनंद विहार, अप्सरा, सीमापुरी, महाराजपुर और भोपुरा बॉर्डर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद पुलिस संयुक्त पिकेट लगाकर दिन-रात वाहनों की जांच कर रही हैं।
ड्रोन और उड़ने वाली वस्तुओं पर रोक
सुरक्षा के मद्देनजर पूर्वी दिल्ली में ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून और रिमोट से संचालित उड़न वस्तुओं के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है। सीमावर्ती थानों की पुलिस होटल, गेस्ट हाउस, पीजी, ढाबों और साइबर कैफे की भी जांच कर रही है। मकान मालिकों को नए किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
वीवीआईपी काफिलों की आवाजाही को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। आवश्यक सामान लेकर आने वाले भारी वाहनों को ही सीमा से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि अन्य वाहनों को रोकने या पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट करने की व्यवस्था रहेगी। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि सभी एसीपी और थाना प्रभारियों को अलर्ट पर रखा गया है।
यमुना खादर में बोट से पेट्रोलिंग
यमुना खादर में ड्रोन से निगरानी के साथ बोट के जरिए लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है, ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
