इन दिनों हर किसी की जुबां पर सबसे ज्यादा जिस फिल्म का नाम चढ़ा हुआ है वो है ‘हनुमान अंश’. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हर दिन कोई न कोई नया रिकॉर्ड कायम कर रही है. भक्ति भाव वाली इस फिल्म की सफलता के बाद अब एक और धार्मिक और आध्यात्मिक फिल्म का ऐलान हुआ है. संत नीम करौली बाबा पर बनी फिल्म हनुमान अंश की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद अब शिरडी के साई बाबा पर फिल्म आ रही है और मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट का ऐलान भी कर दिया है.
‘तेरा साई’ की रिलीज डेट से उठा पर्दा
तेरा साई फिल्म को शैलेश एस. सांघवी प्रोड्यूस कर रहे हैं. जबकि इसका डायरेक्शन किया है पलाश मुच्छल ने. जबकि पलाश ने ही इस मूवी की कहानी भी लिखी है. मेकर्स ने पहले शिरडी में जाकर साई बाबा का आशीर्वाद लिया और फिर फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया. ये मूवी सिनेमाघरों में साल 2027 में आएगी. इसकी रिलीज डेट 5 फरवरी 2027 है.

ये भी पढ़ें: आदित्य धर भी हुए ‘हनुमान अंश’ के मुरीद, ‘धुरंधर’ डायरेक्टर ने पोस्टर शेयर कर यूं की तारीफ
संजय मिश्रा निभा रहे साई बाबा का रोल
बता दें कि तेरा साई फिल्म में बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता संजय मिश्रा साई बाबा के किरदार में नजर आएंगे. जबकि फिल्म में अहम किरदारों में उनके साथ सयाजी शिंदे, मनोज जोशी, ओमकार दास माणिकपुरी, अविका गौर और रोहन मेहरा भी दिखाई देंगे.
ये फिल्म साई बाबा के जीवन, उनके कार्यों और उनके उपदेशों पर प्रकाश डालेगी. बता दें कि इस फिल्म के वितरण के लिए ‘सिनेपोलिस इंडिया’ आगे आया है. हनुमान अंश को भी इसका साथ मिला था. उम्मीद है कि हनुमान अंश की तरह ही साई बाबा के जीवन पर बनी ये फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब होगी.
‘हनुमान अंश’ ने रचा इतिहास
हनुमान अंश फिल्म 7 अगस्त को रिलीज हुई थी. शुरुआती 15 दिनों में फिल्म सिर्फ डेढ़ करोड़ रुपये की कमाई ही कर पाई थी. हालांकि फिर इसकी कमाई बढ़ने लगी और मूवी ने अगले 16 दिनों में 120 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन करके इतिहास रच दिया. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ये मूवी 31 दिनों में (6 सितंबर तक) 122 करोड़ रुपये कमा चुकी है.
ये भी पढ़ें: वरुण धवन ने की ‘हनुमान अंश’ की तारीफ, शोभिनव सत्या की एक्टिंग के हुए फैन
