सलमान खान और सुभाष घई ने साल 2008 में फिल्म ‘युवराज’ के लिए साथ काम किया था. हालांकि, ये उनके लिए कोई आम फिल्म नहीं थी, क्योंकि इससे पहले दोनों के बीच बड़ा विवाद हो चुका था. दोनों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया था कि हाथापाई तक की नौबत आ गई थी. इसके बाद सलमान के पिता सलीम खान को बीच में आकर मामला शांत कराना पड़ा था.
सुभाष घई ने सुनाया सलमान खान संग झगड़े का किस्सा
हाल ही में टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में सुभाष घई ने बताया, ”युवराज’ के लिए सलमान खान के भाई मेरे पास आए और कहा कि आप सलमान के साथ फिल्म क्यों नहीं बनाते? मैंने पूछा कि क्या सलमान भी ऐसा चाहते हैं, क्योंकि मैंने उनके साथ कभी काम नहीं किया था. उन्होंने कहा कि सलमान तैयार हैं. इसके बाद मैंने एक कहानी लिखी. मेरी कोशिश रहती है कि किसी एक्टर को ऐसा किरदार दूं, जो उसने पहले कभी नहीं निभाया हो.’
ये भी पढ़ेंः कैसे इंसान हैं यश? तारा सुतारिया ने खोला ‘टॉक्सिक’ स्टार का सबसे बड़ा राज

दोनों के बीच हुई थी हाथापाई
सुभाष घई ने दोनों के बीच हुए बड़े विवाद को याद करते हुए कहा, ‘फिल्म से पहले हमारा झगड़ा हुआ था. हाथापाई हो गई थी. इसके बाद उनके पिता सलीम खान ने उन्हें डांटा था.’ उन्होंने बताया, ‘हम एक पार्टी में थे. सलमान हाई थे और कुछ गलत बात कह रहे थे, तो मैंने उन्हें ऐसा न कहने के लिए कहा. उन्हें मुझसे कुछ शिकायत थी. उन्होंने मुझसे पूछा कि मैंने ऐसा क्यों किया या वैसा क्यों किया. मैंने कहा कि एक डायरेक्टर के तौर पर ये मेरा फैसला है. इसके बाद वो गालियां देने लगे. मैंने उन्हें ऐसा करने से मना किया. वहां हमारा झगड़ा हो गया.’

पिता सलीम खान ने सलमान को लगाई थी डांट
सुभाष घई ने आगे बताया, ‘अगली सुबह सलीम साहब ने मुझे फोन किया और कहा कि सलमान ने अपनी मां को पूरी बात बता दी है. उन्होंने कहा कि मैंने उसे डांट दिया है. इसके बाद उन्होंने सलमान को मेरे घर माफी मांगने के लिए भेजा. सलमान आए और बहुत शालीनता से मुझसे माफी मांगी. ये देखकर मैं उनका मुरीद हो गया कि वो अपने पिता की इतनी इज्जत करते हैं. मैंने वो बात वहीं खत्म कर दी. इसके बाद हम अक्सर एक-दूसरे के घर आने-जाने लगे और फिर हमने साथ में एक फिल्म की.’
फिल्म की बात करें तो सलमान खान के साथ अनिल कपूर और कैटरीना कैफ भी लीड रोल में नजर आए थे. हालांकि, ‘युवराज’ बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई.ॉ
ये भी पढ़ेंः सुकेश चंद्रशेखर का दावा, जैकलीन संग उसके रिश्ते से जलती थीं नोरा फतेही, कहा- ‘दिन में 10 बार…’

