आईआरसीटीसी पर अब टिकट बुकिंग तेज होगी। प्रबंधन के मुताबिक सिस्टम अपग्रेड होने के बाद सर्वर क्रैश की परेशानी कम होगी। नए बदलावों के बाद रेलवे यात्री बेरोकटोक टिकट बुकिंग कर सकेंगे।तत्काल जैसे पीक समय में आईआरसीटीसी की एप या साइट से टिकट बुकिंग के वक्त पॉइंटर गोल-गोल नहीं घूमेगा।

सर्वर क्रैश की परेशानी नहीं होगी
आईआरसीटीसी के मुताबिक सिस्टम में एक बड़ा अपग्रेड किया गया है जिससे सर्वर क्रैश की परेशानी का सामना नहीं करना होगा और अब व्यस्ततम समय में भी तेजी से टिकट बुकिंग चालू रहेगी। आईआरसीटीसी के मुताबिक, मौजूदा नेक्सट जनरेशन ई टिकटिंग प्लेटफॉर्म के इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया जाएगा।
37,000 टिकट प्रति मिनट को बढ़ाकर एक लाख करने की योजना
बदलावों के बारे में आईआरसीटीसी ने कहा, बदलाव के तहत सर्वर, स्टोरेज, नेटवर्किंग और सॉफ्टवेयर में भी सुधार किया जाएगा। अभी सिस्टम करीब 37,000 टिकट प्रति मिनट है जिसे बढ़ाकर एक लाख से अधिक टिकट प्रति मिनट करने की तैयारी है। इस अपग्रेड के लिए करीब 150 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।
एक सर्वर बैठेगा तो दूसरा संभालेगा
रेलवे सिर्फ सिस्टम की क्षमता बढ़ाने तक सीमित नहीं है। आईआरसीटीसी एक सक्रिय रिकवरी सिस्टम भी तैयार कर रहा है। इसका मकसद यह है कि अगर मुख्य सर्वर में तकनीकी खराबी आती है, तो दूसरा सर्वर तुरंत सेवा संभाल सके। यात्रियों को लंबे समय तक वेबसाइट या एप के ठप होने का सामना न करना पड़े। इसके लिए सिकंदराबाद में बैकअप व्यवस्था विकसित की जा रही है।
