बिहार के एक छोटे से गांव के सरकारी स्कूल से पढ़ाई शुरू कर देश की राजधानी में सरकारी अधिकारी बनने तक का सफर तय करने वाली नाजिया खानम की जिंदगी शादी के महज चार महीने बाद दर्दनाक तरीके से खत्म हो गई।
रक्षा मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (एएसओ) के पद पर तैनात 30 साल की नाजिया तीन महीने की गर्भवती थीं। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन शाम करीब 4:21 बजे सेक्टर-23 थाना पुलिस को आत्महत्या की सूचना मिली।
बताया गया कि नाजिया और उनके पति मोहम्मद आजम अली खान अस्पताल में चेकअप कराने गए थे। घर लौटने के बाद दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हुआ। इसके बाद उसने पति को एक कमरे में बंद कर दूसरे कमरे में आ गई और खुद को अंदर बंद कर लिया। मोहम्मद आजम अली खान ने इस बात की जानकारी अपने मकान मालिक को देकर दरवाजा खोलने के लिए कहा। मकान मालिक ने नाजिया को फंदे से लटका हुआ पाया।