बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. उभरती हुई एक्ट्रेस अनन्या राज का निधन हो गया है. उन्होंने महज 27 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया. हैरानी की बात ये है कि एक्ट्रेस का निधन करीब एक महीने पहले ही हो गया था, लेकिन उनके परिवार ने इस खबर को अब तक छुपाकर रखा था. अब उनके परिवार ने अनन्या के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर उनके निधन की खबर फैंस के साथ शेयर की है.
फिजिकल और मेंटल प्रॉब्लम से जूझ रही थीं अनन्या राज
अनन्या राज के परिवार ने उनके ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट शेयर किया और लिखा, ‘ये अनन्या का परिवार है. बहुत दुख के साथ हमें ये बताना पड़ रहा है कि 15 जुलाई की सुबह-सुबह अनन्या का निधन हो गया. सोते हुए ही शांति से उन्होंने अंतिम सांस ली. पिछले एक साल से ज्यादा समय से वो फिजिकल और मेंटल प्रॉब्लम से जूझ रही थीं. उन्होंने उनसे उबरने के लिए एक योद्धा की तरह संघर्ष किया.’
बच्चा, तुम्हारी कमी बहुत खलेगी…
अनन्या के परिवार ने आगे लिखा, ‘वो बहुत मजबूत इरादों वाली लड़की थीं और एक रानी की तरह जीती थीं. बच्चा, तुम्हारी कमी बहुत खलेगी. हम आप सभी से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने का अनुरोध करते हैं. इस मुश्किल समय में हम अपनी निजता और शांति बनाए रखना चाहते हैं.’ कमेंट सेक्शन में फैंस अनन्या को श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

ये भी पढ़ेंः ‘तुम्हारे बिना जिंदगी कितनी बोरिंग होती…’ सैफ के बर्थडे पर करीना ने लुटाया प्यार
कौन थीं अनन्या राज?
मुंबई में पली-बढ़ी अनन्या राज बॉलीवुड की उभरती हुई एक्ट्रेस थीं. उन्होंने साल 2016 में आई फिल्म ‘7 ऑवर्स टू गो’ से बॉलीवुड में कदम रखा था. इसके बाद वो 2017 में रिलीज हुई फिल्म ‘द फाइनल एग्जिट’ में भी नजर आईं. अनन्या राज 2019 में आई विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म ‘घोस्ट’ में अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेर चुकी थीं. इसके अलावा अनन्या ने कुछ वेब सीरीज और शॉर्ट फिल्मों में भी काम किया था.

‘मद्रासी गैंग’ मे किया काम
अनन्या राज ने रीजनल फिल्मों में भी काम किया था. वो तेलुगु फिल्म ‘मद्रासी गैंग’ जैसे प्रोजेक्ट्स से जुड़ी थीं. इस फिल्म में उन्होंने सरिता का किरदार निभाया था, जो मुंबई की झुग्गियों में रहने वाली एक महिला होती है और एक गैंगस्टर की गर्लफ्रेंड के रोल में नजर आई थीं.

अजय एंड्रयूज के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अभिनेता अभिषेक पटेल ने पुलिसवाले का किरदार निभाया था. वहीं, अध्ययन सुमन गैंगस्टर के रोल में नजर आए थे. फिल्मों के अलावा अनन्या राज कई म्यूजिक वीडियोज में भी नजर आई थीं. उन्होंने टी-सीरीज, जी म्यूजिक और टाइम्स म्यूजिक जैसे बड़े म्यूजिक लेबल्स के साथ काम किया था.
ये भी पढ़ेंः दूसरी बार मां बनी ‘देवों के देव महादेव’ फेम एक्ट्रेस, रिवील किया बेटी का फेस


