पाकिस्तान के पूर्व गृह मंत्री शेख रशीद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. वीडियो में वह कथित तौर पर आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद के साथ अपने रिश्ते की बात करते नजर आ रहे हैं. उन्होंने खुद को हाफिज सईद का गुलाम और फॉलोवर बताया. हालांकि, इस वीडियो की तारीख और जगह की पुष्टि अभी नहीं हुई है.
‘ओसिंट टीवी’ ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें शेख रशीद कथित तौर पर कहते हैं कि वह हाफिज सईद के फॉलोवर हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका से उन्हें इसलिए वापस भेजा गया था क्योंकि उनके फोन में हाफिज सईद का नंबर मिला था. शेख रशीद के हाफिज सईद से संपर्क की बातें पहले भी सामने आती रही हैं. 2012 में अमेरिकी एयरपोर्ट पर उन्हें कुछ घंटे पूछताछ के लिए रोका गया था. उस समय मीडिया रिपोर्टों में उनके हाफिज सईद और लश्कर-ए-तैयबा से संभावित कनेक्शन का जिक्र हुआ था.
ये भी पढ़ें: भारतीय नाबालिग ने US में की मां और भाई की हत्या, ChatGPT पर किए थे खौफनाक सर्च
भारत के खिलाफ भी दी धमकी
वीडियो में शेख रशीद भारत के खिलाफ जहरीली बयानबाजी की और धमकी दी. उन्होंने भारत के खिलाफ लड़ने वाले आतंकियों की तारीफ की और कहा कि अगर भारत पाकिस्तान की ओर देखता है तो उसे गंभीर नतीजे भुगतने होंगे. उन्होंने भारत में बिड़ला मंदिर का भी जिक्र किया. वीडियो में उनके साथ लश्कर से जुड़े बताए जा रहे कुछ लोग भी दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, इन लोगों की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है. शेख रशीद पाकिस्तान के पूर्व गृह मंत्री और इमरान खान के करीबी नेताओं में रहे हैं. भारत के खिलाफ अपने बयानों को लेकर वह पहले भी चर्चा में रहे हैं.
कौन है हाफिज सईद?
हाफिज सईद पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का संस्थापक है. उसे 2008 के मुंबई आतंकी हमलों का मास्टरमांइड माना जाता है. लश्कर-ए-तैयबा पर भारत में कई आतंकी हमलों में शामिल होने के आरोप हैं. भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने 2026 में भी हाफिज सईद के खिलाफ एक आतंकी हमले से जुड़े मामले में आरोप दाखिल किए हैं. हाफिज सईद को पाकिस्तान की अदालतें आतंकी फंडिंग से जुड़े मामलों में सजा भी सुना चुकी हैं. वह फिलहाल पाकिस्तान में 31 साल की सजा काट रहा है.
ये भी पढ़ें: ‘असलियत नहीं बदलती…’, होर्मुज कंट्रोल के ट्रंप के दावों पर ईरान का करारा जवाब


