
How to grow mint plant at home: पुदीना भारतीय घरों की रसोई में खूब इस्तेमाल किया जाता है. इसकी चटनी हो, रायता, शरबत या फिर कोई और डिश, पुदीना स्वाद बढ़ाने का काम करता है. लेकिन बाजार से खरीदा गया पुदीना कुछ ही दिनों में सूखने लगता है. ऐसे में बार-बार बाजार जाने की जरूरत पड़ती है. अगर आप चाहें तो घर में ही पुदीने का पौधा तैयार कर सकती हैं. इसके लिए बीज खरीदने की भी जरूरत नहीं है. बाजार से लाए गए ताजे पुदीने की डंडी से ही नया पौधा तैयार किया जा सकता है. आइए जानते हैं इसका आसान तरीका.
पुदीने की डंडी से पौधा कैसे तैयार करें?
- सबसे पहले बाजार से ऐसा पुदीना लें जिसकी डंडियां हरी और ताजी हों. बहुत ज्यादा सूखी या मुरझाई डंडी न लें. अब करीब 10 से 15 सेंटीमीटर लंबी डंडी काट लें.
- डंडी के निचले हिस्से की पत्तियां हटा दें और ऊपर कुछ पत्तियां रहने दें. इसके बाद एक साफ गिलास या छोटी बोतल में पानी भरें. पुदीने की डंडी का निचला हिस्सा पानी में रखें और ध्यान दें कि ऊपर की पत्तियां पानी में न डूबें.
- अब गिलास को ऐसी जगह रखें जहां रोशनी अच्छी आती हो, लेकिन सीधी तेज धूप न पड़ती हो। पानी को हर 2-3 दिन में बदलते रहें. कुछ दिनों बाद डंडी के निचले हिस्से में छोटी-छोटी सफेद जड़ें निकलने लगेंगी.
- जब जड़ें थोड़ी मजबूत और करीब 2-3 सेंटीमीटर लंबी हो जाएं, तो डंडी को मिट्टी वाले गमले में लगा दें.
गमले में लगाने के बाद ऐसे करें देखभाल
- पुदीने को बहुत ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती. बस मिट्टी को हल्का नम रखें.
- ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा न रहे.
- पौधे को रोज कुछ घंटे अच्छी रोशनी मिलनी चाहिए.
- समय-समय पर पीली और सूखी पत्तियां हटा दें.
- पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए महीने में एक बार थोड़ी वर्मीकंपोस्ट या जैविक खाद भी डाल सकती हैं.
कब मिलने लगेगा ताजा पुदीना?
गमले में डंडी लगाने के करीब 10-15 दिन बाद नई पत्तियां दिखाई देने लग सकती हैं. कुछ हफ्तों में पौधा घना होने लगता है. जब पौधा अच्छी तरह बढ़ जाए, तो जरूरत के हिसाब से ऊपर की पत्तियां या कोमल टहनियां काटकर इस्तेमाल कर सकती हैं.
इस तरह बाजार से लाई गई पुदीने की डंडी को फेंकने के बजाय उससे घर में ही ताजा पुदीना उगाया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: राखी के लिए चाहिए परफेक्ट मेहंदी? ये लेटेस्ट डिजाइन जरूर करें ट्राई

The post पुदीना खरीदकर डंडी न फेंकें, इससे घर में उगा लें नया पौधा appeared first on Prabhat Khabar.
