Sawan Special Bhog Recipes: सावन का महीना भगवान शिव की भक्ति के लिए खास माना जाता है. इस दौरान लोग पूजा-पाठ के साथ भगवान भोलेनाथ को अलग-अलग तरह का भोग भी लगाते हैं. अगर आप भी सावन में घर पर शिवजी के लिए कुछ मीठा या स्वादिष्ट बनाना चाहती हैं, तो इसके लिए बहुत ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद कुछ चीजों से आप आसानी से भोग (Sawan Special Bhog Recipes) तैयार कर सकती हैं. आइए जानते हैं कुछ ऐसी ही आसान रेसिपी, जिन्हें आप पूजा के बाद प्रसाद के तौर पर भी बांट सकती हैं.
साबूदाना खीर (Sawan Special Bhog Recipes)
सावन और व्रत के दौरान साबूदाना खीर एक अच्छा विकल्प हो सकती है. इसे बनाने के लिए साबूदाना, दूध, चीनी, इलायची और थोड़े ड्राई फ्रूट्स चाहिए. सबसे पहले साबूदाने को कुछ देर पानी में भिगो दें. अब एक पैन में दूध गर्म करें और उसमें भीगा हुआ साबूदाना डाल दें.
इसे धीमी आंच पर पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें. जब साबूदाना अच्छी तरह नरम हो जाए और दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो इसमें चीनी और इलायची डालें. आखिर में कटे हुए काजू-बादाम डालकर कुछ देर पकाएं. ठंडा या हल्का गर्म करके भोग लगा सकती हैं.

मखाना खीर
मखाना खीर भी भोग के लिए आसानी से बनाई जा सकती है. इसके लिए मखाना, दूध, चीनी, इलायची और ड्राई फ्रूट्स की जरूरत होगी. सबसे पहले मखानों को थोड़ा घी डालकर हल्का भून लें.

अब इन्हें थोड़ा दरदरा पीस लें. एक पैन में दूध गर्म करके इसमें मखाना डालें और धीमी आंच पर पकाएं. जब दूध गाढ़ा होने लगे तो चीनी और इलायची मिला दें. ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता डालकर खीर तैयार करें.

नारियल के लड्डू
अगर आप कुछ ऐसा बनाना चाहती हैं जिसे जल्दी तैयार किया जा सके, तो नारियल के लड्डू (Sawan Special Bhog Recipes) ट्राई कर सकती हैं. इसके लिए सूखा नारियल, दूध या कंडेंस्ड मिल्क और इलायची की जरूरत होती है.
पैन में नारियल और दूध डालकर धीमी आंच पर चलाते हुए पकाएं. मिश्रण जब थोड़ा गाढ़ा हो जाए तो इसमें इलायची डालें. गैस बंद करके मिश्रण को हल्का ठंडा होने दें. अब हाथों में थोड़ा घी लगाकर छोटी-छोटी गोलियां बनाएं. चाहें तो ऊपर से नारियल का बुरादा भी लगा सकती हैं.

साबूदाना के लड्डू
साबूदाने से सिर्फ खिचड़ी या खीर ही नहीं, बल्कि स्वादिष्ट लड्डू भी बनाए जा सकते हैं. साबूदाने को हल्का भूनकर पीस लें. इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल, पिसी चीनी, इलायची और थोड़े ड्राई फ्रूट्स मिलाएं. अब जरूरत के हिसाब से घी डालकर मिश्रण को बांधें और छोटे-छोटे लड्डू तैयार कर लें.

यह भी पढ़ें: इस राखी भाई के लिए बनाएं स्पेशल मिठाई, सूजी के गुलाब जामुन की ये रेसिपी करें ट्राई
The post सावन में घर पर बनाएं शिवजी के लिए ये आसान भोग, घर की चीजों से झटपट करें तैयार appeared first on Prabhat Khabar.

