
DIY Neem Room Spray: बारिश का यह मौसम अपने साथ सिर्फ ठंडी हवा और चाय-पकौड़े ही लेकर नहीं आता है, बल्कि यह अपने साथ कई तरह की मुसीबतें भी लेकर आता है. इन्हीं मुसीबतों में से एक है घर में लगातार बढ़ते हुए कीड़े-मकोड़े. शाम होती नहीं है कि खुली हुई खिड़कियों से मच्छरों की फौज, जमीन पर चींटियों की कतार और किचन में इधर से उधर उड़ने वाले कीड़े हमें परेशान करके रख देते हैं. अक्सर इन कीड़े-मकोड़ों से बचने के लिए हम मार्केट में मिलने वाले प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं. ये प्रोडक्ट्स हमें प्रॉब्लम से छुटकारा तो दिला देते हैं, लेकिन इनकी कड़वी बदबू से हमारे लिए सांस लेना बहुत मुश्किल हो जाता है. इसके अलावा मच्छरों और कीड़े-मकोड़ों से छुटकारा पाने के लिए हम जिन प्रोडक्ट्स का रेगुलर इस्तेमाल करते हैं, उनकी वजह से हमारी सेहत के भी बिगड़ने का खतरा रहता है.
अगर आप बिना किसी केमिकल और फालतू पैसे खर्च किए घर में दिखने वाले इन कीड़े-मकोड़ों से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो यह आर्टिकल आपके काम का है. आज हम आपको घर पर ही सौ प्रतिशत नेचुरल नीम स्प्रे बनाने का तरीका बताने जा रहे हैं. इस स्प्रे का इस्तेमाल करके आप काफी आसानी से हर तरह के कीड़े-मकोड़ों से छुटकारा पा सकते हैं.
नीम का ही इस्तेमाल क्यों करना चाहिए?
नीम का इस्तेमाल बहुत ही लंबे समय से दवाई के रूप में किया जाता रहा है. आपको शायद हैरानी हो, लेकिन नीम के पत्तों में नैचुरली बैक्टीरिया और कीड़ों को मारने वाली प्रॉपर्टीज होती हैं. नीम की कड़वी महक और इसका कड़वा सा स्वाद कीड़ों को बिल्कुल भी पसंद नहीं आता है. जब आप अपने घर में नीम के पानी को छिड़कते हैं, तो कीड़े इससे आने वाली गंध से घबराकर तुरंत दूर भाग जाते हैं और साथ ही घर भी साफ-सुथरा रहता है. इस स्प्रे की सबसे खास बात यह है कि इसके बार-बार या फिर हर दिन इस्तेमाल से भी सेहत को कोई नुकसान नहीं होता है.
ये भी पढ़ें: गंदा और बिखरा हुआ किचन देखकर बढ़ जाती है टेंशन? ये आसान हैक्स मिनटों में दूर कर देंगे आपकी परेशानी
नीम स्प्रे बनाने के लिए जरूरी इंग्रेडिएंट्स
इस पावरफुल स्प्रे को बनाने के लिए आपको बाजार से कोई महंगी चीज लाने की जरूरत नहीं है. आपके घर या आसपास मौजूद इन सिंपल चीजों से ही काम हो जाएगा.
- फ्रेश नीम की पत्तियां: लगभग 2 कप
- पानी: 1 लीटर
- कपूर: 3 से 4 गोलियां अच्छी तरह पीसी हुई
- लिक्विड सोप या बर्तन धोने वाला जेल: आधा चम्मच
- स्प्रे बोतल: स्प्रे करने के लिए
बनाने का सबसे आसान तरीका
- इन्सेक्ट रेपेलेंट नीम स्प्रे को बनाना बहुत ही ज्यादा आसान है और आप इसे सिर्फ 15 से 20 मिनट में बनाकर तैयार कर सकते हैं.
- इस स्प्रे को बनाने के लिए सबसे पहले नीम की पत्तियों को साफ पानी से अच्छे से धो लें, ताकि उन पर जमा धूल-मिट्टी साफ हो जाए.
- इसके बाद एक बर्तन में 1 लीटर पानी लें और उसमें नीम की पत्तियां डालकर उबलने के लिए रख दें.
- इस पानी को तब तक उबालें जब तक पत्तियों का हरा रंग हल्का न पड़ जाए और पानी गहरा हरा न दिखने लगे. ऐसा होने में लगभग 10 से 12 मिनट लग ही जाएंगे.
- इसके बाद गैस बंद कर दें और पानी को पूरी तरह ठंडा होने दें.
- जब पानी ठंडा हो जाए, तो इसे छलनी की मदद से छान लें.
- अब इस छने हुए नीम के पानी में पिसा हुआ कपूर और आधा चम्मच लिक्विड सोप मिला दें.
- सब कुछ अच्छे से मिलाकर इस घोल को एक खाली स्प्रे बोतल में भर लें.
इस स्प्रे का इस्तेमाल कैसे करें?
इस नेचुरल नीम स्प्रे का इस्तेमाल आप घर की उन सभी जगहों पर कर सकते हैं जहाँ कीड़े ज्यादा आते हैं. इस स्प्रे को घर के दरवाजों, खिड़कियों, पर्दों और जाली पर सुबह-शाम छिड़कें. इसके अलावा इसे किचन सिंक के नीचे, डस्टबिन के पास और बाथरूम की नाली के आसपास जरूर छिड़कें, क्योंकि नमी वाली जगहों पर ही कीड़े सबसे ज्यादा पनपते हैं. आप अगर चाहें तो घर में पोछा लगाते समय पोछे के पानी में आधा कप नीम का पानी मिला सकते हैं. ऐसा करने से फर्श पर चींटियां और छोटे कीड़े नहीं आएंगे.
ये भी पढ़ें: महंगे सीरम पर खर्च करने से पहले घर पर बना लें यह कोलेजन जेल, कुछ ही हफ्तों में शीशे की तरह चमक उठेगी स्किन

