बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। ट्रेनों के रास्ते जीआरपी की सख्ती के बाद सड़क मार्ग पर उत्पाद विभाग और बिहार पुलिस ने निगरानी बढ़ा कर जांच तेज कर दी है। अब तस्कर गंगा नदी के रास्ते शराब की खेप बिहार पहुंचा रहे हैं। इसका खुलासा ड्रोन कैमरे में कैद तस्वीरों में हुआ है, जिसमें कथित तौर पर गंगा पार से शराब की बड़ी खेप बिहार लाने की तैयारी दिखाई दे रही है।

बक्सर पुलिस की ओर से ड्रोन से लिया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वायरल ड्रोन फुटेज की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। बताया जा रहा कि वायरल फुटेज नरही थाना क्षेत्र के उमरपुर दियारा इलाके के नदी तट का है।
वीडियो में कथित तौर पर कुछ लोग ट्रैक्टर से शराब की पेटियां नदी किनारे लाते दिखाई दे रहे हैं। इन पेटियों को घाट के पास पीले रंग की तिरपाल से ढककर रखा जाता है। फिर उन्हें सफेद रंग की बोरियों में पैक कर नाव पर लादने की तैयारी की जाती है। इसके बाद इन्हें गंगा नदी के रास्ते बिहार भेजा जाना था।
यह दियारा क्षेत्र पहले भी शराब, मवेशी तथा अन्य अवैध तस्करी को लेकर संवेदनशील माना जाता रहा है। लोगों का कहना है कि गंगा के दियारा क्षेत्रों में नियमित ड्रोन निगरानी, जल पुलिस की गश्त और संयुक्त अभियान चलाए जाने से इस प्रकार की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
वायरल वीडियो पुराना लग रहा है। सुरक्षा के दृष्टि से क्षेत्र में पुलिस की गस्त बढ़ा दी गई है। अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। तस्करी में किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता मिलने पर कार्रवाई तय होगी।
– अक्षय कुमार, सीओ सदर

