
Mosquito prevention tips in monsoon: बरसात का मौसम जहां चिलचिलाती गर्मी से राहत देता है, वहीं अपने साथ कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं भी लेकर आता है. इस मौसम में जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ने लगती है. ऐसे में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और वायरल बुखार जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है. इसलिए बारिश के दिनों में मच्छरों से बचाव के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी है.
घर के आसपास पानी जमा न होने दें
मच्छर रुके हुए पानी में तेजी से पनपते हैं. इसलिए घर की छत, कूलर, गमले, टायर, बाल्टी या किसी भी बर्तन में पानी जमा न होने दें. समय-समय पर इन जगहों की सफाई करते रहें. अगर आसपास पानी जमा है तो उसे तुरंत हटाएं, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी मच्छरों की संख्या बढ़ा सकती है.
सोते समय मच्छरदानी का करें इस्तेमाल
रात में मच्छर ज्यादा सक्रिय होते हैं. ऐसे में सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करना एक आसान और सुरक्षित तरीका है. खासकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों के लिए मच्छरदानी काफी मददगार साबित हो सकती है.
पूरी बाजू के कपड़े पहनें
बारिश के मौसम में शाम और रात के समय मच्छरों का प्रकोप ज्यादा बढ़ जाता है. ऐसे में बाहर निकलते समय पूरी बाजू के कपड़े पहनें. फुल स्लीव शर्ट और फुल पैंट पहनने से शरीर का ज्यादा हिस्सा ढका रहता है और मच्छरों के काटने का खतरा कम होता है.
नीम और कपूर जैसे प्राकृतिक उपाय अपनाएं
मच्छरों से बचने के लिए कुछ घरेलू उपाय भी मददगार हो सकते हैं. नीम का तेल, कपूर और लेमनग्रास जैसी चीजों का इस्तेमाल मच्छरों को दूर रखने में किया जा सकता है. हालांकि, इन उपायों के साथ घर की साफ-सफाई और अन्य सावधानियां रखना भी जरूरी है.
दरवाजे और खिड़कियों पर लगाएं जाली
घर में मच्छरों के प्रवेश को रोकने के लिए दरवाजों और खिड़कियों पर जाली लगवाना अच्छा उपाय है. खासकर शाम के समय जब मच्छर ज्यादा बाहर निकलते हैं, तब यह तरीका काफी प्रभावी हो सकता है.
सफाई का रखें खास ध्यान
घर और आसपास की सफाई रखना मच्छरों को बढ़ने से रोकने में मदद करता है. कूड़ा जमा न होने दें और नालियों की नियमित सफाई करें. गंदगी और नमी वाली जगहों पर मच्छर आसानी से पनपते हैं.
बुखार को न करें नजरअंदाज
बारिश के मौसम में अगर तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, कमजोरी या ज्यादा थकान महसूस हो तो इसे नजरअंदाज न करें. डेंगू और मलेरिया के शुरुआती लक्षण सामान्य बुखार जैसे हो सकते हैं. ऐसे में समय पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: बारिश में भीगने के बाद त्वचा में होने लगी है खुजली? तुरंत अपनाएं ये 7 असरदार टिप्स

