बांग्लादेश में बुधवार (25 मार्च) को एक यात्रियों से भरी बस नदी में पलट गई. बस में कम से कम 40 लोग सवार थे. घटना तब हुई जब बस एक फेरी जहाज पर चढ़ रही थी. अधिकारियों के मुताबिक कई यात्री लापता हैं, बारिश और तेज हवाओं के बीच बचाव अभियान जारी है.
हादसे में दो की मौत
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि कम से कम 35 अन्य लापता हैं. अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा दक्षिण-पश्चिमी राजबारी के दौलदिया टर्मिनल पर हुआ, जब बस शाम करीब शाम 5.15 बजे पद्मा नदी में गिर गई. गोताखोरों ने अब तक बस से दो महिलाओं के शव बरामद किए हैं और बाकी शवों को निकालने के प्रयास जारी हैं.
#Bangladesh | Bus with dozens of passengers plunges into Padma River in Rajbari; rescue operations underway
The incident occurred at around 5:15 pm at Daulatdia Ghat No. 3, when the Dhaka-bound bus lost control while attempting to board a ferry and fell from a pontoon into the… pic.twitter.com/rG1pNKBG4u
— DD News (@DDNewslive) March 25, 2026
लोगों को बचाने के लिए चलाया जा रहा रेस्क्यू अभियान
टर्मिनल के सुपरवाइजर ने बताया, ‘जब बस पोंटून से फेरी की ओर जा रही थी, तभी एक छोटी फेरी पोंटून से टकरा गई. बस चालक के स्टीयरिंग से नियंत्रण खो देने के चलते बस नदी में गिर गई. दौलदिया नदी पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि कुछ यात्री तैरकर किनारे तक पहुंचने में कामयाब रहे या उन्हें बचा लिया गया, लेकिन ज्यादातर लोग लापता हैं और लोगों को बचाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने लापता लोगों की कोई संख्या नहीं बताई.
गोताखोरों की ली जा रही मदद
फेरी टर्मिनल के अधिकारियों ने बताया कि जिस जगह बस गिरी, वहां नदी की गहराई लगभग 30 फीट है. अग्निशमन विभाग के गोताखोरों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और कुछ घंटों बाद एक बचाव पोत भी मौके पर पहुंचा, हालांकि बस पूरी तरह से डूब गई. राजबारी दीवान के अग्निशमन अधिकारी सोहेल राणा ने बताया कि नदी के दूसरी ओर स्थित दो अन्य टर्मिनलों से भी गोताखोरों को बुलाया गया, जबकि ढाका से भी बचाव दल मौके पर भेजे गए थे.

