
Rice Water for Plants: घर में पेड़-पौधे लगाने का शौक तो हर किसी को होता है, लेकिन कई बार पूरी देखभाल के बाद भी पौधों की ग्रोथ रुक जाती है. नए पत्ते आना बंद हो जाते हैं और पौधा बेजान सा दिखने लगता है. ऐसे में हम महंगे-महंगे केमिकल वाले फर्टिलाइजर बाजार से खरीद लाते हैं, जो कभी-कभी पौधों को फायदा पहुंचाने की जगह नुकसान कर देते हैं.
लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी रसोई में ही एक ऐसा जादुई लिक्विड मौजूद है, जो आपके मुरझाए हुए पौधों में नई जान फूंक सकता है. वह है चावल का पानी (Rice Water). जिसे हम आमतौर पर बेकार समझकर सिंक में बहा देते हैं, वह पौधों के लिए किसी अमृत से कम नहीं है. आइए जानते हैं कि इसका इस्तेमाल (Rice Water for Plants) कैसे करना है.
पौधों के लिए क्यों वरदान है चावल का पानी?
जब हम चावल धोते हैं या उसे उबालते हैं, तो उसके कई पोषक तत्व पानी में आ जाते हैं. इस पानी में भरपूर मात्रा में स्टार्च, कार्बोहाइड्रेट, नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटेशियम जैसे जरूरी न्यूट्रिएंट्स होते हैं.
ये सभी एलीमेंट्स पौधों की जड़ों को मजबूत बनाने और उनकी रुकी हुई ग्रोथ को दोबारा शुरू करने में मदद करते हैं. इसके अलावा, चावल का पानी मिट्टी में मौजूद गुड बैक्टीरिया को बढ़ावा देता है, जिससे मिट्टी उपजाऊ बनती है.
Rice Water for Plants: चावल का पानी तैयार करने के दो आसान तरीके
बिना उबला हुआ पानी: जब आप खाना बनाने के लिए चावल धोते हैं, तो पहली और दूसरी बार के पानी को एक बर्तन में इकट्ठा कर लें. यह सबसे आसान और असरदार तरीका है.
उबला हुआ पानी या माड़: अगर आप चावल उबालकर बनाते हैं, तो उसका निकला हुआ गाढ़ा पानी भी इस्तेमाल किया जा सकता है. बस ध्यान रखें कि इसमें नमक या तेल बिल्कुल नहीं होना चाहिए. इस गाढ़े पानी को ठंडा होने दें और इसमें बराबर मात्रा में सादा पानी मिलाकर ही पौधों में डालें.
Rice Water for Plants: किन पौधों में मिल सकता है फायदा?
मनी प्लांट, स्नेक प्लांट, पीस लिली, तुलसी, एलोवेरा, गुलाब, गुड़हल, करी पत्ता और कई तरह के इनडोर व आउटडोर पौधों में चावल के पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है.
पौधों में इस्तेमाल करने का सही तरीका
- मिट्टी में डालें: चावल के पानी को सीधे पौधों की जड़ों के पास की मिट्टी में डालें. इसे नॉर्मल पानी की तरह ही यूज करें.
- स्प्रे बोतल से छिड़काव: आप इस पानी को एक स्प्रे बोतल में भरकर पौधों की पत्तियों पर भी छिड़क सकते हैं. इससे पत्तियों में चमक आती है और कीड़े-मकोड़े दूर रहते हैं.
- हफ्ते में सिर्फ एक या दो बार: ध्यान रखें कि रोज-रोज पौधों में चावल का पानी नहीं डालना है. हफ्ते में 1 या 2 बार इसका इस्तेमाल करना काफी है.
यह भी पढ़ें: एक छोटी-सी गलती से पौधों की बढ़त हो सकती है धीमी, जानिए सही तरीका
