Vastu Tips: वास्तु शास्त्र का महत्व हमारे जीवन में काफी गहरा माना जाता है. कहा जाता है कि अगर किसी भी कार्य को करने से पहले या उसे करने के दौरान इसमें बताए गए नियमों का पालन सही से किया जाए, तो इसके परिणाम काफी सुखद और समृद्ध होते हैं, जो जीवन में पॉजिटिव बदलाव लेकर आते हैं. हमारे इसी वास्तु शास्त्र में पौधों का महत्व भी काफी गहरा बताया गया है. मान्यताओं के अनुसार, अगर पौधों को सही जगह और सही दिशा में लगाया जाए, तो घर में सुख, समृद्धि और पॉजिटिव एनर्जी बढ़ती है. लेकिन, अगर आप इन पौधों को गलत दिशा में या बिना सोचे-समझे कहीं पर भी लगा देते हैं, तो इसकी वजह से घर में वास्तु दोष पैदा हो सकता है. अगर आप इन वास्तु दोषों से बचना चाहते हैं, तो घर पर कोई भी पौधा लगाने से पहले आपके लिए वास्तु के नियमों को जान लेना और भी ज्यादा जरूरी हो जाता है. तो चलिए जानते हैं ऐसे ही 5 पौधों के बारे में, जिन्हें लगाने से पहले आपको वास्तु के नियमों का विशेष ख्याल रखना चाहिए.

मनी प्लांट लगाने से पहले रखें नियमों का ख्याल
मनी प्लांट का नाम सुनते ही अक्सर हम यह सोचने लगते हैं कि इसे घर में कहीं भी लगा देने से पैसा आने लगेगा. लेकिन, वास्तु शास्त्र की अगर मानें तो घर पर मनी प्लांट लगाने की भी एक खास दिशा होती है. इस पौधे को हमेशा घर की दक्षिण-पूर्व दिशा यानी कि आग्नेय कोण में लगाना चाहिए. इस दिशा के देवता भगवान गणेश को माना जाता है, जो रुकावटों को दूर करते हैं. मनी प्लांट को कभी भी उत्तर-पूर्व दिशा में नहीं रखना चाहिए, क्योंकि इससे पैसों का नुकसान भी हो सकती है. इसके अलावा आपको इस बात का भी ख्याल रखना चाहिए कि मनी प्लांट की बेलें कभी जमीन पर न बिखरे, उन्हें किसी रस्सी या डंडे के सहारे ऊपर की तरफ चढ़ने में मदद करें.
तुलसी का पौधा लगाते समय रखें इन बातों का ख्याल
तुलसी को हिंदू धर्म में सबसे पवित्र और पूजनीय माना गया है और लगभग आपको हर घर के आंगन में तुलसी का पौधा मिल ही जाता है. वास्तु शास्त्र के अनुसार, तुलसी के पौधे को हमेशा घर की उत्तर, पूर्व या उत्तर-पूर्व दिशा में लगाना चाहिए. इन दिशाओं को देवताओं की दिशा माना जाता है. इसके अलावा भूलकर भी तुलसी के पौधे को दक्षिण दिशा में न रखें, क्योंकि इससे घर में अशांति बढ़ सकती है. इसके अलावा रविवार, एकादशी और सूर्य या चंद्र ग्रहण के दिन तुलसी के पत्ते नहीं तोड़ने चाहिए और न ही आपको उसमें जल चढ़ाना चाहिए.

एलोवेरा के पौधे का भी रखें खास ख्याल
एलोवेरा के पौधे को सेहत और स्किन के लिए बहुत ही फायदेमंद माना जाता है, जिस वजह से आजकल ज्यादातर लोग इसे अपने घरों में लगाना शुरू कर चुके हैं. वास्तु शास्त्र में भी एलोवेरा को तरक्की और सुख-शांति का प्रतीक माना गया है. लेकिन इसे सही जगह पर रखना बहुत जरूरी है. वास्तु शास्त्र के नियमों के अनुसार, एलोवेरा के पौधे को हमेशा घर की उत्तर या पूर्व दिशा में रखना चाहिए. इससे घर के लोगों के काम में आ रही रुकावटें दूर होती हैं. इस बात का ख्याल रखें कि एलोवेरा का पौधा कभी भी पूरी तरह सूखना नहीं चाहिए. अगर यह सूखने लगे या पीला पड़ जाए, तो इसे हटाकर नया पौधा लगा लें.
ये भी पढ़ें: महिलाओं को भूलकर भी नहीं करने चाहिए ये 5 काम, वरना बढ़ सकती हैं पैसों से जुड़ी परेशानियां और लग सकता है वास्तु दोष
भगवान शिव और शनिदेव को प्रिय है शमी का पौधा
मान्यताओं के अनुसार शमी का पौधा भगवान शिव और शनिदेव को बेहद प्रिय होता है. ऐसा माना जाता है कि घर में शमी का पौधा लगाने से शनि दोष कम होता है और घर में तरक्की आती है. वास्तु शास्त्र के अनुसार, शमी के पौधे को घर के मुख्य दरवाजे के बाईं तरफ लगाना चाहिए, ताकि जब आप घर से बाहर निकलें तो यह आपके दाहिने हाथ की तरफ पड़े. अगर आप इसे छत पर लगा रहे हैं, तो दक्षिण दिशा सबसे बेहतर है. इसके अलावा आपको शमी के इस पौधे के आस-पास हमेशा साफ-सफाई रखनी चाहिए और रोज शाम को इसके पास एक दीपक जरूर जलाना चाहिए. आपके ऐसा करने से घर के सारे दुख-तकलीफ दूर रहते हैं.
बांस के पौधे को रखते समय रखें खास ख्याल
वास्तु शास्त्र के साथ ही फेंगशुई में भी बांस के पौधे को घर पर रखने के लिए बहुत शुभ माना गया है. यह पौधा घर में सुख, लंबी उम्र और अच्छी सेहत लेकर आता है. वास्तु शास्त्र के अनुसार, बैंबू प्लांट को हमेशा घर के पूर्वी या उत्तरी कोने में रखना चाहिए. इसे कांच के एक बर्तन में साफ पानी भरकर रखना सबसे अच्छा माना जाता है. इस बात का खास ख्याल रखें कि इस बर्तन के पानी को हर हफ्ते बदलते रहें, क्योंकि गंदा पानी निगेटिव एनर्जी को बढ़ावा देता है. साथ ही, इसमें लगे लाल धागे या रिबन को न हटाएं, क्योंकि यह एनर्जी को बैलेंस्ड रखता है.
ये भी पढ़ें: सुबह उठते ही अपनी हथेलियां क्यों देखते हैं बड़े-बुजुर्ग? जानिए इसके पीछे छिपा खास कारण

