
Why You are Always Tired: रोजाना 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद लेने के बाद भी अगर सुबह उठते ही शरीर में थकान महसूस होती है, काम करने का मन नहीं करता या पूरे दिन सुस्ती बनी रहती है, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए. कई लोग इसे स्ट्रेस, ज्यादा काम या मौसम का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं.
लेकिन अगर यह समस्या लगातार बनी रहे, तो इसके पीछे शरीर में किसी बीमारी या पोषक तत्वों की कमी भी हो सकती है. आइए जानते हैं कि पूरी नींद लेने के बाद भी थकान (Why You are Always Tired) क्यों बनी रहती है.
शरीर में खून की कमी (एनीमिया)
अगर शरीर में हीमोग्लोबिन का लेवल कम हो जाए, तो ऑक्सीजन सही मात्रा में अंगों तक नहीं पहुंच पाती. इसका असर सबसे पहले एनर्जी पर पड़ता है. एनीमिया होने पर हर समय थकान, कमजोरी, चक्कर आना, सांस फूलना और चेहरा फीका पड़ना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं. महिलाओं में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है.
थायरॉयड की समस्या
थायरॉयड हार्मोन शरीर के मेटाबॉलिज्म को कंट्रोल करता है. अगर थायरॉयड एक्टिव हो जाए (हाइपोथायरॉयडिज्म), तो व्यक्ति को हर समय थकान, वजन बढ़ना, ठंड ज्यादा लगना, कब्ज और सुस्ती महसूस हो सकती है. यह समस्या ब्लड टेस्ट से आसानी से पता चल सकती है.
विटामिन B12 और विटामिन D की कमी
विटामिन B12 और विटामिन D दोनों ही शरीर की एनर्जी बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं. इनकी कमी होने पर लगातार थकान, मांसपेशियों में कमजोरी, शरीर दर्द और ध्यान लगाने में परेशानी हो सकती है. अगर लंबे समय से ऐसी समस्या है, तो डॉक्टर की सलाह पर जांच करानी चाहिए.
डायबिटीज भी हो सकती है वजह
अगर बार-बार प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना और थकान एक साथ महसूस हो रही है, तो यह डायबिटीज का संकेत हो सकता है. ब्लड शुगर बढ़ने पर शरीर ग्लूकोज का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पाता, जिससे पर्याप्त एनर्जी नहीं बनती और इंसान हर समय थका हुआ महसूस करता है.
स्लीप एपनिया की समस्या (Why You are Always Tired)
कुछ लोगों को लगता है कि वे पूरी रात सोते हैं, लेकिन उनकी नींद बार-बार टूटती रहती है. इसका एक कारण स्लीप एपनिया हो सकता है. इस स्थिति में सोते समय कुछ सेकंड के लिए सांस रुक जाती है, जिससे गहरी नींद पूरी नहीं हो पाती. सुबह उठने पर सिरदर्द, थकान और दिनभर नींद आने जैसी परेशानी हो सकती है.
स्ट्रेस और मेंटल हेल्थ भी है जिम्मेदार
लगातार स्ट्रेस या डिप्रेशन का असर सिर्फ दिमाग पर ही नहीं बल्कि पूरे शरीर पर पड़ता है. ऐसे में व्यक्ति पूरी नींद लेने के बाद भी खुद को तरोताजा महसूस नहीं करता. अगर लंबे समय से मन उदास रहता है और थकान बनी रहती है, तो मेंटल हेल्थ पर भी ध्यान देना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: बारिश में वायरल इंफेक्शन से बचना है? आज ही अपनाएं ये 6 हेल्थ टिप्स


