Instant Suji Snacks: बात चाहे शाम की चाय की हो या अचानक घर आए मेहमानों की, हर बार यह सोचना ही पड़ता है कि स्नैक्स में क्या नया बनाया जाए. हम चाहकर भी रोज-रोज समोसे या पकौड़े जैसी चीजें नहीं खा सकते. अगर इन तली-भुनी चीजों को रोजाना डाइट में शामिल किया जाए, तो स्वाद से बोरियत होने के साथ-साथ सेहत पर भी बुरा असर पड़ने लगता है. ऐसे में अगर आपके दिमाग में भी हर शाम यही सवाल घूमता है, तो आपके किचन में रखी सूजी इस समस्या का समाधान मिनटों में कर सकती है. सूजी न सिर्फ पचाने में हल्की होती है, बल्कि इससे बेहद कम समय में बेहद टेस्टी और क्रिस्पी स्नैक्स तैयार किए जा सकते हैं. अगर आप भी शाम के नाश्ते में कुछ लाइट, हेल्दी और इंस्टैंटली बनने वाला ढूंढ रहे हैं, तो यह आर्टिकल आपके बहुत काम आने वाला है. आज हम आपको सूजी से बनने वाले 5 ऐसे ही सिंपल और इंस्टेंट स्नैक्स की रेसिपी बताएंगे, जो मिनटों में तैयार हो जाते हैं. तो चलिए जानते हैं इन्हें बनाने का सबसे आसान तरीका.

ट्राय करें सूजी का क्रिस्पी चीला
अगर आपको शाम के नाश्ते में कुछ लाइट और कम ऑयली खाना है, तो सूजी का चीला आपके लिए सबसे बेस्ट चॉइस है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी सूजी में आधा कटोरी दही, थोड़ा सा पानी, बारीक कटी हुई हरी मिर्च, प्याज, टमाटर और शिमला मिर्च मिला लें. अब इस मिक्चर को 10 मिनट के लिए रख दें ताकि सूजी फूल जाए. इसके बाद स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा हरा धनिया डालें. इसके बाद एक नॉन-स्टिक तवे पर हल्का सा तेल लगाएं और इस बैटर को फैलाकर दोनों तरफ से गोल्डन होने तक सेक लें. आपका गर्मागर्म और हेल्दी सूजी चीला तैयार है. आप अगर चाहें तो इसे हरी चटनी के साथ सर्व करके पूरे परिवार के साथ एन्जॉय कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: सुबह टिफिन को लेकर होती है टेंशन? 10 मिनट में बन जाएंगे ये 5 टेस्टी ऑप्शन, स्वाद ऐसा कि बच्चे हो जाएंगे आपके फैन
इंस्टेंट सूजी अप्पे भी हैं बेहतरीन चॉइस
सूजी के अप्पे खाने में जितने लाइट होते हैं, इन्हें बनाना भी उतना ही ज्यादा आसान होता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले सूजी, दही और पानी का गाढ़ा घोल तैयार कर लें. इसके बाद इसमें अपनी पसंद की सब्जियां जैसे गाजर, मटर, प्याज और मिर्च बारीक काटकर डाल दें. लास्ट में थोड़ा सा नमक और एक चुटकी इनो या बेकिंग सोडा मिलाएं. अब अप्पे स्टैंड के हर सांचे में एक-एक बूंद तेल डालें और राई का तड़का लगाकर बैटर को सांचों में भर दें. इसके बाद इसे ढककर 3 से 4 मिनट धीमी आंच पर पकाएं, फिर पलटकर दूसरी तरफ से भी सेक लें.
शाम की चाय के साथ बेस्ट सूजी के क्रिस्पी कटलेट
अगर शाम की चाय के साथ आपका कुछ बढ़िया और क्रिस्पी खाने का मन हो, तो सूजी के कटलेट एकदम परफेक्ट चॉइस हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कढ़ाई में पानी उबालें. इसके बाद इसमें नमक, चिली फ्लेक्स और थोड़ी सी सूजी डालकर लगातार चलाते रहें, जब तक कि यह गाढ़ा न हो जाए. जब यह ‘डो’ यानी कि आटे की तरह बन जाए, तो इसे ठंडा कर लें. अब इसमें उबला और मैश किया हुआ आलू, बारीक कटा प्याज और धनिया पत्ती मिलाकर अपना पसंदीदा शेप दे दें। इन कटलेट्स को तवे पर शैलो फ्राई या डीप फ्राई करें. ये कटलेट्स बाहर से बहुत क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट बनते हैं.
ये भी पढ़ें: सुबह ऑफिस की भागदौड़ में नहीं कर पा रहे हैं नाश्ता? 10 मिनट में तैयार करें ये 3 हेल्दी ब्रेकफास्ट
सूजी के तीखे नगेट्स भी आएंगे आपको पसंद
अगर आप चाहें तो बाजार में मिलने वाले फ्रोजन नगेट्स की जगह घर पर ही सूजी से हाइजीनिक नगेट्स भी मिनटों में बना सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले सूजी को थोड़े से पानी, नमक, जीरा और अदरक-लहसुन के पेस्ट के साथ मिलाकर गाढ़ा होने तक पका लें. जब यह मिश्रण हाथ में न चिपकने लगे, तो इसे एक प्लेट पर फैलाकर ठंडा होने दें. इसके ठंडा होने के बाद इससे छोटे-छोटे स्क्वायर या गोल टुकड़ों में काट लें. अब इन टुकड़ों को तेज आंच पर गर्म तेल में गोल्डन होने तक तल लें. इन नगेट्स को आप टोमैटो केचप के साथ खाएं, यह चाय का मजा दोगुना कर देंगे.
बेसन से नहीं सूजी से बनाएं इंस्टेंट ढोकला
आमतौर पर हम सभी जो ढोकला खाते हैं, वह बेसन से बना हुआ होता है और उसमें खमीर उठने में भी बहुत ज्यादा समय लग जाता है. लेकिन अगर आपके पास समय की कमी है तो आप मिनटों में सूजी ढोकला भी तैयार कर सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले सूजी में दही, अदरक-मिर्च का पेस्ट, नमक और थोड़ा पानी मिलाकर स्मूद बैटर तैयार कर लें. इसके बाद इसमें एक चम्मच इनो मिलाकर तुरंत मिक्स करें और इस घोल को एक चिकनाई लगी थाली में डालकर 12 से 15 मिनट के लिए स्टीम कर लें. पकने के बाद इसे चाकू से काट लें और ऊपर से राई, कड़ी पत्ता और हरी मिर्च का तड़का लगाएं. मिनटों में बना यह यह स्पंजी ढोकला खाने में बहुत टेस्टी लगता है.
ये भी पढ़ें: रात की भूख भी मिटेगी और वजन भी नहीं बढ़ेगा, डिनर में शामिल करें ये 5 सुपर लो कैलोरी फूड्स


