दिल्ली में बीते काफी दिन से तापमान चढ़ा हुआ था। लेकिन, बुधवार को दिनभर चले सूरज व बादल के लुकाछिपी के खेल के चलते तापमान बीते 24 घंटे में 5.7 डिग्री पारा गिर गया। सुबह से ही बदरा ने आसमान में डेरा जमा लिया था। ऐसा लग रहा था कि मानों कभी भी बारिश हो जाएगी। लेकिन, बदरा नहीं बरसे। बीच-बीच में सूरज भी अपनी झलक दिखाता रहा। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को सफदरजंग मानक केंद्र में 0.1 एमएम बारिश जरूर रिकॉर्ड की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 83 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 48 प्रतिशत रही।

