अमेरिका के मिडवेस्ट (मध्य-पश्चिम) क्षेत्र में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गर्मी की लहर अब पूर्वी राज्यों की ओर बढ़ रही है, जिसके चलते कई जगह समर कैंप, किसानों के बाजार और अन्य आउटडोर गतिविधियां रद्द या स्थगित कर दी गई हैं। प्रशासन ने लोगों को राहत देने के लिए कूलिंग सेंटर खोले हैं और घर से बाहर कम निकलने, पर्याप्त पानी पीने तथा धूप से बचने की सलाह दी है।
रिकॉर्ड तापमान की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, आयोवा समेत मिडवेस्ट के बड़े हिस्से में कम से कम मंगलवार तक अत्यधिक गर्मी की चेतावनी जारी है। यहां तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है, जबकि उमस के कारण महसूस होने वाला तापमान (हीट इंडेक्स) 37.8 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है। मौसम वैज्ञानिक एंड्रयू एंसोर्ज ने बताया कि इस सप्ताह अधिकांश समय तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। वहीं, मौसम विशेषज्ञ स्कॉट क्लीबॉयर के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार तक यह गर्मी ओहायो वैली, मिड-अटलांटिक और उत्तर-पूर्वी राज्यों तक पहुंच जाएगी। इन इलाकों में कई जगह रिकॉर्ड तोड़ तापमान दर्ज होने की आशंका है।
यह भी पढ़ें- Explainer: यूरोप में गर्मी से 1300 की मौत, फ्रांस में हजार मरे; जर्मनी-स्पेन तक तड़पे; क्यों बने ऐसे हालात?
कई शहरों में खोले गए कूलिंग सेंटर
गर्मी को देखते हुए कई शहरों में विशेष इंतजाम किए गए हैं। मिशिगन के फ्लिंट शहर में चार कूलिंग सेंटर शुरू किए गए हैं। मिशिगन में किसानों का बाजार और मिनेसोटा में ड्राइव-इन थिएटर का कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया। कई समर कैंपों ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपने कार्यक्रमों का समय बदल दिया है।
ग्रीष्मकालीन कक्षाओं को किया गया स्थानांतरित
वहीं, विस्कॉन्सिन विश्वविद्यालय-मैडिसन ने अपने कैंपस में एयर कंडीशनिंग व्यवस्था प्रभावित होने के कारण 23 भवन आम लोगों के लिए बंद करने का फैसला किया है। कुछ ग्रीष्मकालीन कक्षाओं को भी दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि साल की पहली भीषण गर्मी को लोग अक्सर हल्के में लेते हैं, लेकिन इससे कुछ ही मिनटों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि लोग खूब पानी पिएं, हल्के रंग के कपड़े पहनें, दोपहर की तेज धूप से बचें और जहां संभव हो, छायादार या वातानुकूलित स्थानों पर रहें।
यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट से ट्रंप को झटका: फेडरल रिजर्व की गवर्नर कुक को पद से हटाने से किया इनकार, जजों ने क्या कहा?
फ्रांस-जर्मनी समेत कई देशों ंमें भीषण गर्मी
यूरोप में भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। फ्रांस सहित कई देशों में रिकॉर्ड तापमान दर्ज किया गया है और गर्मी से जुड़ी कई मौतों की भी खबरें सामने आई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है, इसलिए लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।


