अक्षय की हाल ही में आई हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार परफॉर्म किया था. वहीं अब एक्टर एक और कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के साथ बड़े पर्दे पर धमाल मचाने आ रहे हैं. वेलकम फ्रेंचाइजी की इस तीसरी इंस्टॉलमेंट को लेकर फैंस में काफी एक्साइटमेंट हैं. फिल्म के ट्रेलर को पहले ही जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. ऐसे में ‘वेलकम टू द जंगल’ से काफी उम्मीदें हैं कि ये रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर दमदार ओपनिंग करेगी.

‘वेलकम टू द जंगल’ की एडवांस बुकिंग
अक्षय कुमार की एक्शन-एडवेंचर कॉमेडी ‘वेलकम टू द जंगल’ के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने में अब 24 घंटे से भी कम समय बचा है. इसी के साथ इसकी एडवांस बुकिंग जोरों-शोरों से हो रही है. और अहमद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पिछले 19 घंटों में अच्छी बढ़त दिखाई है. सैकनिल्क के मुताबिक, ‘वेलकम टू द जंगल’ ने पहले दिन की एडवांस बुकिंग में अब तक बिना ब्लॉक सीटों के 1.19 करोड़ की कमाई की है जबकि ब्लॉक सीटों के साथ इसने प्री टिकट सेल में 3.49 करोड़ कमा लिए हैं.
फिलहाल देशभर में इसकी 48 हजार 839 टिकटों की एडवांस बुकिंग हुई है. ये आंकड़ा अभी शाम तक और बढ़ने की उम्मीद है. इसके एवरेज टिकट की कीमत 232 रुपये है. बता दें कि 25 जून, गुरुवार शाम 7.30 बजे से इसके पेड प्रीव्यू शो रखे गए हैं.
‘वेलकम टू द जंगल’ कितने करोड़ से ओपनिंग कर सकती है?
‘वेलकम टू द जंगल’ शुक्रवार को मुहर्रम की छुट्टी पर रिलीज हो रही है. ऐसे में इसे छुट्टी का भी फायदा मिलेगा. इसी के साथ कोईमोई के मुताबिक ये फिल्म रिलीज के पहले दिन 23 से 27 करोड़ की ओपनिंग कर सकती है. अगर ऐसा होता है तो ये धुरंधर 2, बॉर्डर 2 के बाद साल की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म बन जाएगी. हालांकि ये बस अनुमान है, असल में तो रिलीज के बाद ही पता चल पाएगा कि ये पहले दिन कितनी कमाई कर पाती है.
‘वेलकम टू द जंगल’ के बारे में
‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय कुमार के अलावा, सुनील शेट्टी, दिशा पटानी, जैकलीन फर्नांडीज, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, दलेर मेहंदी, आफताब शिवदासानी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, विंदू दारा सिंह और उर्वशी रौतेला भी हैं. फिरोज ए नाडियाडवाला, राकेश डांग और वेदांत विकास बाली द्वारा निर्मित, एक्शन-कॉमेडी ड्रामा वेलकम (2007) और वेलकम बैक (2015) के बाद फेमस वेलकम फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त है.

