Indian Box Office Report 2026: ये साल इंडियन सिनेमा के लिए बहुत ही पॉजिटिव ट्रेंड लेकर आया है. 2026 की शुरुआत में ही ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर आँधी-तूफान लेकर आया. उसके बाद मार्च में रिलीज ‘धुरंधर 2’ ने इसे सुनामी में बदल दिया. इन फिल्मों की बदौलत इंडियन बॉक्स ऑफिस की किस्मत चमक उठी है. जनवरी से मई तक की कमाई में 2026 में जबरदस्त उछाल आया है.
जनवरी 2026 से मई तक 5 महीनों में रिकॉर्ड कलेक्शन
ऑरमैक्स मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2026 से मई 2026 तक बॉक्स ऑफिस पर ग्रॉस 5373 करोड़ रुपये का टोटल कलेक्शन हो चुका है. 2025 में जनवरी से मई में बॉक्स ऑफिस पर 4804 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ था. दोनों की तुलना की जाए तो 2026 में ये कमाई 12% ज्यादा है.
‘धुरंधर 2’ का ब्लॉकबस्टर धमाका


इस ग्रोथ का पूरा दारोमदार एक ही फिल्म को जाता है और वो है ‘धुरंधर 2’. इस ब्लॉकबस्टर फिल्म ने थियेटर में ऑडियंस को खींचकर लाने का पूरा दमखम दिखाया. ‘धुरंधर 2’ ने अकेले ही 1277 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया. ये फिल्म मार्च में थियेटर में रिलीज हुई थी, जिसके चलते पिछले पांच महीनों में सबसे ज्यादा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन मार्च में ही दर्ज हुआ.
किस महीने कितना कलेक्शन हुआ
1. जनवरी में बॉर्डर का तूफान
जनवरी में बॉक्स ऑफिस पर टोटल कलेक्शन 1324 करोड़ रुपये हुआ. सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने अकेले 378 करोड़ रुपये कमाए थे. इसके बाद ‘मना शंकरा वारा प्रसाद गारु’ ने 257 करोड़ रुपये कमाए. प्रभास की ‘द राजा साब’ से उम्मीदें बहुत थीं, लेकिन ये फिल्म सिर्फ 173 करोड़ रुपये कमाकर ही थियेटर से उतर गई.
2. फरवरी में माहौल टाइटल रहा
फरवरी 2026 के महीने में बॉक्स ऑफिस का माहौल ठंडा रहा. फरवरी में कलेक्शन सिर्फ 427 करोड़ रुपये ही हो पाया. शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियो’ ने 74 करोड़ रुपये, ‘थाई किजावी’ ने 70 करोड़ रुपये और ‘द केरल स्टोरी 2’ ने 55 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.

3. मार्च में रिकॉर्ड तोड़ कमाई
मार्च महीने में ‘धुरंधर 2’ की बदौलत ये कलेक्शन सीधे उछलकर 1686 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. इस फिल्म को लेकर ऑडियंस में पहले से क्रेज था. हालात ऐसे थे कि टिकट महंगे होने के बावजूद थियेटर्स में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली.
4. अप्रैल में हॉरर को ऑडियंस ने किया पसंद
अप्रैल 2026 में इंडियन बॉक्स ऑफिस पर टोटल कलेक्शन 798 करोड़ रुपये तक हुआ. अप्रैल में अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की फिल्म ‘भूत बंगला’ सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म बनी, जिसने 190 करोड़ रुपये कमाए थे. उसके बाद साउथ की फिल्म ‘वाजा 2’ ने 148 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया.

5. मई में बॉक्स ऑफिस पर साउथ और मराठी ने किया कमाल
मई महीने में कलेक्शन में एक बार फिर उछाल आया और इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 1138 करोड़ रुपये का टोटल बिजनेस हुआ. इस महीने सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्मों में तमिल फिल्म ‘करुप्पु’ (229 करोड़ रुपये) और मलयालम फिल्म ‘दृश्यम 3’ (133 करोड़ रुपये) रही. इसके साथ ही, इस महीने मराठी सिनेमा ने भी 172 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया.

2026 की ये फिल्में बॉक्स ऑफिस को पहुंचाएंगी सातवें आसमान पर
शुरुआती पांच महीनों में ही बॉक्स ऑफिस पर इतनी दमदार ग्रोथ देखने को मिली है. इसे देखकर कह सकते हैं कि अभी तो धमाका होना बाकी है क्योंकि साल की मेगा बजट और मोस्ट अवेटेड फिल्में तो अभी रिलीज भी नहीं हुई हैं.
इनमें से एक है शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’, जिसमें वो दीपिका पादुकोण और अपनी बेटी सुहाना खान के साथ नजर आने वाले हैं. यह फिल्म साल के आखिरी में 24 दिसंबर को रिलीज होने वाली है.

इसके अलावा, सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ भी अगस्त में आने वाली है. रणबीर कपूर की ‘रामायणम्: पार्ट 1’ साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है. 4000 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कई नए इतिहास बनाने वाली है.
साउथ सिनेमा का मेगा बजट धमाका
साउथ फिल्म इंडस्ट्री की बात करें, तो यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ काफी दिनों से पेंडिंग है, जिसे 700 करोड़ रुपये के मेगा बजट में बनाया गया है. इसके साथ ही, 500 करोड़ रुपये के बिग बजट में बनी थलापति विजय की ‘जननायकन’ भी इसी साल रिलीज हो सकती है.
2026 में बॉक्स ऑफिस पर बनेगा इतिहास
इंडियन बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड साल 2025 के नाम है. इस साल ‘छावा’, ‘सैंयारा’ और ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों की बदौलत 13395 करोड़ का कलेक्शन हुआ. 2026 में सिर्फ 5 महीने में ही इस कमाई का 40.11% कलेक्शन क्रॉस हो चुका है.
2026 के शुरुआती पांच महीनों के आंकड़े और आने वाली फिल्मों की यह बड़ी लाइनअप देखकर यह साफ कहा जा सकता है कि बॉक्स ऑफिस पर इस साल तूफान आने वाला है जो अब तक के सारे रिकॉर्ड को चकनाचूर कर देगा.
(नोट: बॉक्स ऑफिस के आंकड़े ऑरमैक्स मीडिया से लिए गए हैं और कलेक्शन ग्रॉस में हैं.)

