मिडिल ईस्ट में एक बार फिर इजरायल और ईरान के बीच शुरू हुए हमले ने दुनिया की धड़कन बढ़ा दी है. अमेरिका और ईरान के बीच पिछले महीने अस्थाई सीजफायर के ऐलान के बाद ऐसा लगने लगा था कि अगले कुछ दिनों में मिडिल ईस्ट शांत हो जाएगा और होर्मुज के रास्ते फिर से कच्चे तेल की सप्लाई सामान्य रूप से होने लगेगी. अब ईरान और इजरायल फिर से एक-दूसरे के ठिकानों को निशाना बना रहे हैं. डोनाल्ड ट्रंप ने सख्त लहजे में कहा कि दोनों देश एक दूसरे पर गोलीबारी बंद करें, जिसके बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति को ही नसीहत दे दी.
ट्रंप ने दी थी फायरिंग रोकने की नसीहत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि इजरायल और ईरान दोनों तत्काल संघर्ष विराम (सीजफायर) चाहते हैं. इससे पहले की पोस्ट में उन्होंने दोनों को तुरंत शूटिंग रोकने की नसीहत दी. न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल को ईरान के खिलाफ रक्षा का पूरा हक है. उन्होंने कहा, ‘हमने अमेरिका राष्ट्रपति ट्रंप को साफ तौर पर बता दिया है कि इजरायल क पास ईरान के खिलाफ किसी भी समय अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है. भले ही ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से इस पर आपत्ति जताई हो.’
इजरायल को अपनी आत्मरक्षा का पूरा अधिकार: नेतन्याहू
नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल को अपनी आत्मरक्षा का पूरा अधिकार है और जरूरत पड़ने पर हम इसका इस्तेमाल कर रहे हैं. ट्रुथ ने सोमवार (8 जून 2026) को सोशल पर ट्रंप ने लिखा, ‘इजरायल और ईरान दोनों तुरंत संघर्ष विराम चाहते हैं. शांति को लेकर अंतिम बातचीत आगे बढ़ रही है, बस मूर्खता या अज्ञानता शांति की राह में बाधा न बने. अंतिम समझौता होने तक नाकेबंदी (ब्लॉकेड) पूरी तरह लागू रहेगी और प्रभावी बनी रहेगी. चीजें तेजी से आगे बढ़नी चाहिए.’
स्टार्मर ने सीजफायर के पालन की दी सलाह
ईरान ने रविवार (7 जून 2026) को इजरायल पर कई मिसाइल दागे थे. तेहरान ने हिज्बुल्लाह पर हमले को सीजफायर उल्लंघन मानते हुए हमला किया. इसके बाद इजरायल ने भी ईरान पर निशाना साधना शुरू कर दिया. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने भी कहा कि मध्य पूर्व में सभी पक्षों का सीजफायर पर वापस लौटना बेहद जरूरी है. स्टार्मर ने कहा, ‘हिंसा फिर से शुरू होने को लेकर मैं बेहद चिंतित हूं. यह बहुत महत्वपूर्ण है कि सभी पक्ष फिर से युद्धविराम का पालन करें.’
ईरान-इजरायल के बीच फिर शुरू हुआ जंग
ईरानी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, तेहरान, तबरीज और इस्फहान में कई धमाके हुए. आईआरजीसी ने दावा किया कि इजराइल ने हमलों में एयर-लॉन्च बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया. ईरान का दावा है कि उसने इजरायल के नेवातिम और तेल नोफ एयर बेस पर हमला किया. आईआरजीसी ने एक बयान में कहा, ‘यह ऑपरेशन इजरायली शासन के ईरान में तीन अलग-अलग जगहों पर कई रडार साइटों पर किए मिसाइल हमले के जवाब में किया गया था.’
आईडीएफ का कहना है कि उसने सोमवार सुबह ईरान की ओर से छोड़ी गई मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया. वर्तमान हालात के बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को सुरक्षा कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई.
ये भी पढ़ें : चुनाव जीतने के लिए जंग लड़ रहे नेतन्याहू? ट्रंप की फटकार के बाद भी इजरायली PM क्यों किया बेरूत पर अटैक?


