
आज के समय में हममें से ज्यादातर लोग बाजार जाकर खरीदारी करने के बजाय घर बैठे ऑनलाइन शॉपिंग (Online Shopping) करना पसंद करते हैं. चाहे कोई छोटा सामान हो या बड़ी जरूरत की चीज, बस कुछ क्लिक में वह आपके घर तक पहुंच जाती है. लेकिन कई बार यह खुशी तब निराशा में बदल जाती है, जब पैकेट खोलने पर गलत, खराब या तस्वीर से बिल्कुल अलग प्रोडक्ट निकलता है. परेशानी तब और बढ़ जाती है, जब उस प्रोडक्ट को रिटर्न या एक्सचेंज करना भी आसान नहीं होता. ऐसे सिचुएशन में आपका समय, पैसा और मूड तीनों खराब हो सकते हैं. अगर आपके साथ भी अक्सर ऐसा होता है, तो यह आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है. आज हम आपको 5 ऐसी जरूरी बातों के बारे में बताएंगे, जिन्हें किसी भी प्रोडक्ट को ऑनलाइन ऑर्डर करने से पहले जरूर चेक करना चाहिए. इन बातों का ख्याल रखने से सही और बेहतर प्रोडक्ट मिलने की पॉसिबिलिटी काफी हद तक बढ़ जाती है.
चेक करें कस्टमर रिव्यू और असली तस्वीरें
अगर आप किसी भी प्रोडक्ट को खरीदने जा रहे हैं तो आपके लिए सबसे पहले उस प्रोडक्ट को लेकर दूसरों का एक्सपीरियंस जानना जरूरी हो जाता है. प्रोडक्ट के नीचे दिए गए कस्टमर रिव्यूज को ध्यान से पढ़ें और उनके स्टार रेटिंग्स को भी चेक करें. कई बार प्रोडक्ट पर स्टार रेटिंग तो अच्छी होती है लेकिन कमेंट्स में आपको ढेर सारी कमियां देखने को मिल जाती हैं. इसके अलावा आपको कस्टमर फोटोज वाले सेक्शन को भी चेक करना चाहिए. कई बार कंपनियां ऐड में ग्राफिक्स और लाइट्स का इस्तेमाल करके चीजों को बहुत अट्रैक्टिव दिखाती हैं, जबकि असली तस्वीरें देखकर आपको पता चलता है कि वह प्रोडक्ट असलियत में कैसा दिखता है.
साइज चार्ट को ध्यान से समझें
जब आप जूते या फिर कपड़ों को ऑनलाइन खरीदते हैं, तो इस समय सबसे बड़ी गलती साइज को लेकर ही होती है. आपको शायद जानकर हैरानी हो लेकिन हर एक ब्रांड का स्मॉल’, ‘मीडियम’ या ‘लार्ज’ साइज एक-दूसरे से थोड़ा बहुत अलग हो सकता है. इसके आपको कभी भी सिर्फ अंदाजा लगाकर चीजें आर्डर नहीं करनी चाहिए. हमेशा प्रोडक्ट पेज पर दिए गए साइज चार्ट पर क्लिक करें और इंच या सेंटीमीटर में अपना सही मेजरमेंट मिला लें. अगर आप सही मेजरमेंट से चीजों को आर्डर करेंगे, तो आपको कभी नहीं ढीला या फिर गलत साइज का सामान मिलने की दिक्कत नहीं होगी.
प्रोडक्ट का मटीरियल और डिस्क्रिप्शन पढ़ें
अक्सर हम किसी भी प्रोडक्ट को सिर्फ उसकी तस्वीर देखकर ही आर्डर कर देते है. यही हमारी सबसे बड़ी गलतियों में से एक गलती होती है. जिस कुर्ते को आप फोटो में देख रहे हैं वह सिल्क का लग सकता है, लेकिन ऐसा भी हो सकता है कि वह सस्ते नायलोन से बना हुआ हो. धोखा खाने से बचने के लिए हमेशा नीचे दिए गए प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन को ध्यान से पढ़ें. इसमें साफ लिखा होता है कि कपड़ा कॉटन का है या कुछ और, या फिर कोई गैजेट प्लास्टिक का है या मेटल का. डिस्क्रिप्शन पार्ट में आपको आर्डर किये गए आइटम की लंबाई, चौड़ाई और वजन भी लिखा हुआ मिल जाएगा.
सेलर की रेटिंग और क्रेडिबिलिटी चेक करें
ऑनलाइन शॉपिंग प्लैटफॉर्म्स पर आपको एक ही प्रोडक्ट बेचने वाले अलग-अलग सेलर्स आसानी से मिल जाएंगे. इसी वजह से कई बार कुछ फर्जी सेलर्स बहुत ही कम दाम में आपको नकली आइटम्स बेच देते हैं. आपको कोई गलत या फिर नकली प्रोडक्ट न मिल जाए इसके लिए हमेशा ही प्रोडक्ट के नाम के नीचे या फिर साइड में दिए गए सेलर रेटिंग को जरूर चेक करें. अगर किसी भी सेलर को प्लैटफॉर्म पर 4 या फिर उससे ज्यादा स्टार्स मिले हैं, तो इसका मतलब होता है कि वह भरोसेमंद है और हमेशा सही प्रोडक्ट्स ही डिलीवर करवाता है.
रिटर्न और रिफंड पॉलिसी जरूर चेक करें
आप चाहें जितनी भी सावधानी रख लें, लेकिन फिर भी ऑनलाइन शॉपिंग करते समय गलतियां होने की गुंजाइश रह ही जाती है. इसलिए हर बार अपना आर्डर फाइनल करने से पेजले उस प्रोडक्ट के रिटर्न और रिफंड पॉलिसी को जरूर पढ़ लें. आपको यह पता होना चाहिए कि अगर आपको कोई चीज पसंद नहीं आती है तो आपके पास उसे वापस करने के लिए कितने दिनों का समय है. कई बार ऐसा भी होता है कि आप जिस प्रोडक्ट को आर्डर कर रहे हैं उसपर ‘नो रिटर्न’ भी लिखा हुआ हो. इस तरह के प्रोडक्ट्स को कंपनियां वापस नहीं लेती हैं जिस वजह से आपको इन्हें ऑनलाइन खरीदने से हमेशा बचना चाहिए.
ये भी पढ़ें: कपड़े खरीदते समय हर कोई करता है इनमें से एक न एक गलती जरूर, घर लौटने के बाद होने लगता है पछतावा
The post ऑनलाइन शॉपिंग में नहीं खाना चाहते धोखा? ऑर्डर करने से पहले जरूर चेक करें ये 5 चीजें appeared first on Prabhat Khabar.


