आक्रामकता के शिकार निर्दोष बच्चों के अंतरराष्ट्रीय दिवस के मौके पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने युद्ध की मानवीय कीमत का जिक्र करते हुए उन 707 यूक्रेनी मासूम बच्चों को याद किया जो इस युद्ध की भेंट चढ़ गए. जेलेंस्की ने कहा कि इन अपराधों के लिए रूस से जवाब मांगा जाना चाहिए.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट पर बताया, ‘चार जून को आक्रामकता के शिकार निर्दोष बच्चों का अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है. यह उन बच्चों को सम्मान देने का दिन है जो युद्ध और हिंसा से प्रभावित हुए हैं. जब से रूस ने यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर हमला शुरू किया है, तब से कम से कम 707 यूक्रेनी बच्चों की जान जा चुकी है. हर संख्या के पीछे एक बच्चे की कहानी है, एक ऐसा भविष्य है जो उनसे छीन लिया गया. इन अपराधों के लिए रूस को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए.’
जेलेंस्की ने बताया कि रूस की ओर से दबाव और धमकियों के बावजूद कीव में नाटो-यूक्रेन परिषद की बैठक सफलतापूर्वक आयोजित हुई. नाटो-यूक्रेन परिषद की बैठक में सभी सहयोगी देशों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. उन्होंने बताया कि इस बैठक में सहयोगी देशों ने यूक्रेन को और अधिक सैन्य सहायता देने तथा मिसाइल रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए नए कदम उठाने पर सहमति जताई है.

यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान की ईरान से गद्दारी, इशाक डार ने दी यूएस को सीक्रेट जानकारी? अब आया शहबाज सरकार का बयान
जलेंस्की ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, ‘यूक्रेन में नाटो-यूक्रेन परिषद की बैठक में सभी सहयोगी देशों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. यह बैठक ऐसे समय में हुई जब रूस ने हमारे साझेदार देशों को यूक्रेन से दूर रखने और उनके दूतावासों को डराने की कोशिश की थी. इसका नतीजा कीव में हुई एक बेहद प्रतीकात्मक बैठक के रूप में सामने आया. इसका मुख्य संदेश बिल्कुल साफ था, यूक्रेन को और अधिक समर्थन मिलना चाहिए, खासकर बैलिस्टिक मिसाइलों से रक्षा करने वाली क्षमताओं के क्षेत्र में.’
जलेंस्की ने बताया कि हमारे साझेदारों ने ‘पर्ल’ पहल के लिए नए योगदान देने का फैसला किया है, जो जून में मिलने शुरू होंगे. साथ ही हम यूरोप की अपनी बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा क्षमताओं को तेजी से विकसित करने के लिए भी हर संभव प्रयास कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें:- डोनाल्ड ट्रंप ने तय कर दी ईरान के साथ डील की डेडलाइन, तेहरान से बातचीत के बीच बोले – ‘अगर…’