बीते रविवार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने आईपीएल 2026 की ट्रॉफी जीती. यह क्रुणाल पांड्या के करियर की कुल पांचवीं ट्रॉफी रही. क्रुणाल इससे पहले तीन बार मुंबई इंडियंस के साथ और अब दो बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के साथ चैंपियन टीम का हिस्सा रहे हैं. RCB की लगातार दूसरी जीत पर क्रिकेट जगत टीम और उसके खिलाड़ियों को बधाई देने में व्यस्त है. इसी बीच हार्दिक पांड्या चर्चा में आ गए हैं, क्योंकि उन्होंने अपने भाई क्रुणाल को बधाई देने के लिए एक सोशल मीडिया पोस्ट तक नहीं किया.
ऐसी खबरें पहले भी सामने आती रही हैं कि पांड्या ब्रदर्स के बीच सबकुछ ठीक नहीं है. चूंकि हार्दिक ने अपने भाई की टीम की ऐतिहासिक जीत पर एक पोस्ट या मैसेज तक शेयर नहीं किया, इसलिए एक बार फिर पांड्या भाइयों के बीच अनबन की अफवाहों ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है.
आईपीएल 2026 के बीच भी दोनों भाइयों के रिश्ते खराब होने की खबरों ने सनसनी मचा दी थी. मगर जब क्रुणाल से इस संबंध में सवाल पूछा गया तो उन्होंने ऐसी सभी अफवाहों को खारिज कर दिया था. बता दें कि हार्दिक की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस, बहुत पहले ही आईपीएल प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई थी. कुछ रिपोर्ट्स अनुसार हार्दिक तनाव से जूझ रहे हैं और अगले सीजन से पहले मुंबई इंडियंस टीम का साथ छोड़ने का मन बना चुके हैं. हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें: ऑक्शन में 1.10 करोड़ में बिके थे वैभव सूर्यवंशी, फिर कैसे मिले 3.10 करोड़? जानें कैसे कमाई में हुआ इजाफा
क्रुणाल पांड्या ने जीती पांचवीं ट्रॉफी
क्रुणाल पांड्या अब तक पांच बार आईपीएल चैंपियन बन चुके हैं. साल 2017, 2019 और 2020 में उन्होंने मुंबई इंडियंस के साथ ट्रॉफी जीती थी. वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू में आने के बाद उन्होंने 2 ट्रॉफी अपने नाम कर ली हैं. आईपीएल 2026 में क्रुणाल ने बल्लेबाजी में 226 रन बनाए और गेंदबाजी में 14 विकेट भी लिए.
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान में IPL बैन, फिर भी जमकर हो रही वैभव सूर्यवंशी की तारीफ; सामने आई बॉर्डर पार की कहानी


