गुजरात टाइटंस ने क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर IPL 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया. शुक्रवार को हुए मैच में शुभमन गिल ने शतक लगाकर 3 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए. उन्होंने साईं सुदर्शन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी की, जिससे 215 रन का लक्ष्य भी छोटा नजर आने लगा. सुदर्शन लगातार दूसरी बार हिट विकेट आउट हुए.
शुभमन गिल और साईं सुदर्शन ने 215 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की, दोनों ने रिस्की शॉट नहीं खेले और सिंगल डबल भी लेते रहे. साईं ने 32 गेंदों में 58 रन बनाए, इस पारी में उन्होंने 1 छक्का और 8 चौके लगाए. वह अच्छी लय में थे, लेकिन बृजेश शर्मा द्वारा डाले गए 13 ओवरों में हिट विकेट आउट हो गए. वह लगातार दूसरी बार इस तरह से आउट होने वाले पहले बल्लेबाज बने.
शुभमन गिल ने रचा इतिहास
साईं के आउट होने के बाद शुभमन गिल ने अपना शतक पूरा किया, उन्होंने 53 गेंदों में 3 छक्के और 15 चौकों की मदद से 104 रन बनाए. उन्हें जोफ्रा आर्चर ने एलबीडबल्यू आउट किया, लेकिन जब उनका विकेट गिरा तब गुजरात टाइटंस जीत की दहलीज पर थी. शुभमन गिल IPL इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने प्लेऑफ में 2 शतक लगाए हैं. वह आईपीएल के प्लेऑफ में शतक लगाने वाले भी पहले कप्तान बन गए हैं.
यह भी पढ़ें- RCB vs GT फाइनल से पहले होगी क्लोजिंग सेरेमनी, जानिए कब-कहां, किस समय शुरू होगा मैच?
इसके आलावा शुभमन गिल आईपीएल प्लेऑफ में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. उन्होंने 47 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की थी.
टॉस पर हुआ था ब्लंडर
क्वालीफायर-2 में टॉस 2 बार हुआ था. दरअसल पहली बार जब शुभमन गिल ने सिक्का उछाला तो रियान पराग ने क्या कहा, इसको लेकर कन्फ्यूजन थी. जिस वजह से टॉस एक बार फिर हुआ, रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी जो इस पिच पर हैरानी भरा फैसला था. गिल ने मैच के बाद कहा, “
टॉस को लेकर थोड़ी कन्फ्यूजन थी, लेकिन जीत मिलने से खुश हूं.”
यह भी पढ़ें- 1000 रन बनाकर वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, बनाया IPL का सबसे बड़ा रिकॉर्ड
शुभमन गिल ने साईं सुदर्शन के हिट विकेट आउट होने पर कहा कि, “मुझे नहीं लगता कि मैंने कभी भी किसी को लगातार दो बार इस तरह आउट होते देखा है. लगता है उनके हाथों में टेप लगानी पड़ेगी.” उन्होंने फाइनल की तैयारी को लेकर कहा कि हम शनिवार को आराम करेंगे, रिकवर करेंगे और सिर्फ पिच और मौसम का जायजा लेंगे.


