भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी विनोद कांबली रविवार को खेले गए मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के मुकाबले को देखने के लिए वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे थे. लंबे समय बाद कांबली को ऐसी हालत में स्टेडियम में देखकर फैंस काफी भावुक हो गए. सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह सहारे के साथ चलते दिखाई दे रहे हैं.
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कांबली को चलने-फिरने में अभी भी दिक्कत हो रही है. हालांकि, उनकी हालत पहले से बेहतर नजर आई, जिससे फैंस को राहत भी मिली. कुछ समय पहले खबरें सामने आई थी कि विनोद कांबली की तबीयत काफी खराब है और वह लंबे समय से बीमार चल रहे हैं. उनका मुंबई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस मुश्किल दौर में कई पूर्व क्रिकेटरों ने उनकी मदद की. खास तौर पर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों ने उनका साथ दिया, जिसके बाद उनकी सेहत में सुधार देखने को मिल रहा है.
कभी भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में गिने जाने वाले कांबली को इस हालत में देखकर फैंस भावुक हो गए. कई लोगों ने सोशल मीडिया पर लिखा कि क्रिकेट ने उन्हें बहुत कुछ दिया और अब पूरा देश उनके स्वस्थ होने की कामना कर रहा है. उनको स्टेडियम में देख कर लगा कि वे धीरे-धीरे रिकवरी की तरफ बढ़ रहे हैं.
यह भी पढ़ें- IPL 2026: प्लेऑफ के लिए तय हो गई चार टीमें, कब -कहां खेले जाएंगे मुकाबले? एक क्लिक में जानिए पूरा शेड्यूल
राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को हराया
मैच की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रन से हराया. पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 205 रन बनाए. इस मुकाबले में युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए. ध्रुव जुरेल ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए, जबकि जोफ्रा आर्चर ने 15 गेंदों में 32 रन की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.
यह भी पढ़ें- आखिरी तीन मुकाबलों में टीम ने जिस तरह से लड़ाई लड़ी, उस पर मुझे गर्व है- अक्षर पटेल
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही. रोहित शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. इसके बाद नमन धीर और रयान रिकेलटन भी जल्दी आउट हो गए. हालांकि सूर्यकुमार यादव ने 60 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला. हार्दिक पांड्या और विल जैक्स ने कोशिश जरूर की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके.


