इंडियन प्रीमियर लीग में आज पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस आमने सामने होगी. ये मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा. लगातार 4 मैच हारने के बाद PBKS टीम मुश्किल में है, वहीं मुंबई के पास अब खोने को कुछ नहीं बचा लेकिन आज जीतकर वो पंजाब का काम खराब कर सकती है.
पंजाब किंग्स ने 11 में से 6 मैच जीते हैं, उनका एक मैच बारिश की वजह से रद्द हुआ था. 13 अंकों के साथ PBKS का नेट रन रेट +0.428 है. अगर आज मुंबई इंडियंस जीतती है तो फिर पंजाब बचे हुए दोनों मैच जीतकर भी 17 अंकों तक पहुंच पाएगी. जबकि 5 टीमें हैं जो अभी भी 18 या इससे अधिक अंकों तक पहुंच सकती हैं. जानिए आज के मुकाबले में क्या कुछ खास रहने वाला है.
MI के दिग्गज खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
स्टार खिलाड़ियों से सजी मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, इसका एक मुख्य कारण ये है कि उनके बड़े खिलाड़ी नहीं चल रहे. हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह इस सीजन फीके नजर आए हैं. सूर्या का तो औसत सिर्फ 17.7 का है, उन्होंने कुल 195 रन बनाए हैं. गुजरात के खिलाफ शतक के आलावा तिलक वर्मा भी रनों को तरसते हुए नजर आए हैं.
जसप्रीत बुमराह भी 11 पारियों में सिर्फ 3 ही विकेट ले पाए हैं, जो उनकी खराब फॉर्म को बताने के लिए काफी है. हार्दिक पांड्या के खेलने पर भी संशय बना हुआ है. लेकिन अब मुंबई पर दबाव नहीं है, ऐसे में ये बड़े खिलाड़ी खतरनाक साबित हो सकते हैं और पंजाब के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- RCB के 16 अंकों पर पहुंचने से बदल गया प्लेऑफ का समीकरण, जानें सभी टीमों के पास कितना चांस
रोहित शर्मा इस सीजन काफी मैचों में चोट के कारण बाहर रहे, लेकिन जितने मैच खेले उसमें अधिकतर में वह अच्छे नजर आए. रोहित ने 6 पारियों में 177 की स्ट्राइक रेट से 243 रन बनाए हैं, इसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं. अर्शदीप सिंह, मार्को जानसेन पर जिम्मेदारी होगी कि रोहित को टिकने न दिया जाए क्योंकि अगर उनका बल्ला चला तो रनों का अंबार लगेगा.
पंजाब किंग्स की गेंदबाजी को दिखाना होगा कमाल
PBKS पिछले कई मैच अपनी खराब गेंदबाजी और फील्डिंग के कारण हारी है, जो बात कप्तान श्रेयस अय्यर भी कह चुके हैं. पॉवरप्ले में अर्शदीप सिंह को कमाल करना होगा, जिनके लिए ये सीजन उतार चढ़ाव वाला रहा है. उन्होंने इस सीजन 11 पारियों में 13 विकेट लिए हैं. इस सीजन पिछली बार जब दोनों की भिड़ंत हुई थी तब अर्शदीप ने 3 विकेट लिए थे.
मिडिल ओवरों में युजवेंद्र चहल को जिम्मेदारी निभानी होगी. सूर्यकुमार यादव पंजाब के खिलाफ 7 पारियों में 4 में अर्धशतक लगा चुके हैं. चहल सूर्या को आईपीएल की 13 पारियों में 4 बार आउट कर चुके हैं.
पिछली बार जब दोनों टीमें आमने सामने हुई थी तब प्रभसिमरन सिंह ने नाबाद 80 रन बनाए थे, श्रेयस अय्यर ने भी 66 रनों की तूफानी पारी खेली थी और पंजाब ने ये मैच 7 विकेट से जीता था. मुंबई उस हार का बदला लेने के इरादे से भी उतरेगी.
यह भी पढ़ें- एक दिन खेलना छोड़ दूंगा…, शतक के बाद विराट कोहली का भावुक बयान, जानिए क्यों कहा ऐसा
कब-कहां देखें लाइव मैच
पंजाब किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, टॉस 7 बजे होगा. मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर होगा. जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग होगी.


